लखीमपुर खीरी में जालिमनगर घाट से जल भरकर कांवड़ियों का जत्था शनिवार को गोला गोकर्णनाथ जा रहा था। मिर्जापुर गांव के पास दो कांवड़िये ट्रक की चपेट में आ गए, जिससे एक कांवड़िये की मौत हो गई। दूसरा गंभीर घायल हो गया।
लखीमपुर खीरी के कोतवाली धौरहरा क्षेत्र में जालिमनगर घाट से जल लेकर गोला जा रहे शारदानगर के गांव बड़ागांव बढेहरा निवासी दो कांवड़िये सिसैया मार्ग पर मिर्जापुर गांव के आगे ट्रक की चपेट में आ गए। हादसे में एक कांवड़िये की मौत हो गई। दूसरे को इलाज के लिए लखनऊ भेजा गया है। पुलिस ने मृतक का शव पोस्टमार्टम को भेजा है। हादसा ओवरटेक करने के चक्कर में हुआ।
विज्ञापन
शारदा नगर थाना क्षेत्र के गांव बड़ागांव बढेहरा निवासी जोगिंदर (40) पुत्र बाबू और कोतवाली सदर के अंकोर निवासी गिरधारी लाल (30) पुत्र हरिप्रसाद धौरहरा क्षेत्र के जालिमनगर घाघरा घाट से जल लेकर गोला गोकर्णनाथ जा रहे थे। सिसैया के आगे मिर्जापुर गांव के पास दोनों कांवड़िये ओवरटेक कर रहे ट्रक की चपेट में आ गए। सूचना पर पुलिस ने दोनों को एंबुलेंस से खमरिया सीएचसी में भर्ती कराया। डाक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
जिला अस्पताल पहुंचे घायलों की हालत में सुधार न होते देख चिकित्सकों ने उन्हें लखनऊ केजीएमयू रेफर कर दिया। लखनऊ के रास्ते में जोगिंदर ने दम तोड़ दिया। दूसरे घायल गिरधारी लाल का लखनऊ में इलाज चल रहा है। एसओ शारदानगर बृजेश कुमार मौर्या ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट धौरहरा में दर्ज की गई है। इधर, पोस्टमार्टम के बाद घर पहुंचे शव का परिजनों ने अंतिम संस्कार कर दिया।