पलिया पुलिस की गिरफ्त में पकड़े गए ड्रग्स तस्कर। स्रोत पुलिस
पलियाकलां। पुलिस ने शनिवार को करीब 14 लाख रुपये की 57.15 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ दो अंतरराष्ट्रीय तस्करों को गिरफ्तार किया है। आरोपी ब्राउन शुगर को पलिया से नेपाल ले जा रहे थे।
पुलिस के मुताबिक, तस्कर नेपाल के कैसीनों में भी ड्रग्स की आपूर्ति करते थे। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपियों का चालान किया है। सीओ यादवेंद्र यादव ने कहा, नशे के धंधे को रोकने के लिए पुलिस योजनाबद्ध तरीके से अभियान चला रही है। क्षेत्र में कई टीमें तैनात हैं। अभियान के तहत पुलिस ने अनमोल गुप्ता निवासी बाजार प्रथम हाल पता थारूपुरवा और सुरेश कुमार मौर्या निवासी छेदनीपुरवा को गिरफ्तार किया है।
आरोपियों के पास से ब्राउन शुगर समेत इलेक्ट्राॅनिक कांटा, ब्लेड और एक कार बरामद हुई है। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि भारत-नेपाल सीमा के साथ ही धनगढ़ी में भी वह मादक पदार्थों की तस्करी करते थे। पुलिस आरोपियों के नेटवर्क और उनके साथियों की जानकारी एकत्र कर रही है। संवाद