निघासन। तहसीलदार और नायब तहसीलदार के दो महत्वपूर्ण पद लंबे समय से रिक्त होने से तहसील में कामकाज प्रभावित हो रहा है। इसका असर वादों के निस्तारण के साथ ईडब्ल्यूएस और मृत्यु प्रमाणपत्र जैसे जरूरी कार्यों पर भी साफ दिख रहा है।
स्थिति यह है कि प्रभारी तहसीलदार दिव्यांशु शाही ही तीनों पदों की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। एक ही अधिकारी पर तीन-तीन प्रभार होने से निस्तारण की गति धीमी पड़ गई है, जिससे आम लोगों को छोटे-छोटे कामों के लिए भी कई बार तहसील के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं।
21 अक्तूबर, 2025 को तहसीलदार मुकेश वर्मा का तबादला लखीमपुर सदर होने के बाद से यह पद खाली है। जनवरी, 2026 में नायब तहसीलदार श्रीश त्रिपाठी का हृदयाघात से निधन हो गया था। इसके अलावा परगना खैरीगढ़ के नायब तहसीलदार हरिराम का स्थानांतरण 20 जून, 2025 के बाद से उनका पद भी रिक्त चल रहा है।
एसडीएम राजीव निगम ने बताया कि तहसील में कई वाद लंबित हैं और फिलहाल प्रभारी तहसीलदार दिव्यांशु शाही सभी जिम्मेदारियां संभाल रहे हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि रिक्त पदों पर जल्द तैनाती की जाएगी।