पर्याप्त कैश न मिलने से लोगों को करना पड़ा परेशानी का सामना
दो दिन के अवकाश के बाद बैंक खुलने पर भुगतान लेने के लिए खातेदार उमड़ पड़े। सुबह बैंक खुलने से पहले ही लोग कतार बनाकर खड़े हो गए। 48 दिन से चली आ रही बैंकों में कैश की किल्लत के कारण सोमवार को भी लोगों को परेशानी उठानी पड़ी। घंटों लाइन में धक्के खाने के बाद जब खातेदार बैंक के भुगतान काउंटर पर पहुंचे तो उन्हें जरूरत से कम भुगतान लेकर संतोष करना पड़ा। वहीं कैश की कमी के कारण नगर में गिनती के ही एटीएम चल सके।
रजागंज। पीएनबी बैंक खुलने से पूर्व ही खातेदारों की लंबी कतार लग गईं। क्षेत्र में एकल बैंक होने से पीएनबी में काफी खातेदारों की भीड़ लग गई। बैंक में पर्याप्त कैश न होने से खातेदारों को कठिनाई का सामना करना पड़ा।
ममरी। इलाहाबाद बैंक, हैदराबाद की पंजाब नेशनल बैंक, गनेशपुर की ओरियंटल बैंक, रोशननगर, अजान, छत्तीपुर नं 18की इलाहाबाद यूपी ग्रामीण बैंक के सामने जरूरतमंदों की लंबी लाइन लग गईं। खातेदारों को ममरी और रोशननगर बैंक में दो से चार हजार रुपये से संतोष करना पड़ा। गनेशपुर और हैदराबाद बैंक में कुछ खातेदारों को 10 से 20हजार रुपये तक भुगतान किया गया।
मझगई। नोटबंदी के 48 दिन बाद भी बैंकों में कैश की कमी दूर होने के बजाय बढ़ती ही जा रही है। इससे लोगों की परेशानी भी बढ़ती जा रही है। वहीं नोट बंदी के बाद से बैंक का एटीएम भी बंद है। जिससे लोगों की और परेशानी उठानी पड़ रही है।
गौरतलब है कि पलिया ब्लाक की सबसे बड़ी ग्राम पंचायत कस्बा मझगईं में जिला सहकारी और पंजाब नेशनल बैंक है। जिन पर दर्जनों गांव के हजारों लोगों के खाते हैं। पंजाब बैंक का बहुत ही बुरा हाल है। यहां एक मात्र एटीएम लगे एटीएम से नोटबंदी के बाद से नोट नहीं निकल रहे हैं। खाता धारक बैंक में रोजाना लाइन में कैश निकालने के लिए खड़े होते हैं, लेकिन दो तीन घंटे बाद कैश खत्म नहीं है कहकर खाता धारकों को वापस कर दिया जाता है।
--
एसबीआई का सर्वर डॉउन होने से ठप रहा लेनदेन
मैलानी। दो दिनों की छुट्टी के बाद बैंक खुले तो एसबीआई का सर्वर डॉउन होने से लेनदेन ठप रहा, जिससे लोग परेशान रहे। सुबह से ही बैंक के बाहर भीड़ लगी थी, लेकिन जब बैंक खुला, तो पता चला कि सर्वर डॉउन है। सर्वर डॉउन होने के चलते बैंक के मेन गेट पर ताला डाल दिया गया, जिससे खाता खुलवाने आए लोग भी अंदर नहीं जा सके। दोपहर के बाद तक सर्वर ने काम करना शुरू नहीं किया था, बावजूद इसके सर्वर के शुरू होने की उम्मीद में लोगबाग बैंक के बाहर ही डटे रहे और कुछ तो थककर जमीन पर ही बैठ गए।
-----
पेटीएम के जरिए कैशलेस पेमेंट करने को किया जागरूक
पलियाकलां। भाजपा द्वारा कैशलेस पेमेंट लागू किए जाने के बाद ज्यादातर लोग इसका समर्थन कर रहे हैं। भाजपा के कैशलेस पेमेंट का सपोर्ट करते हुए निखिल गुप्ता और उनकी टीम द्वारा विभिन्न दुकानों पर जाकर कैशलेस पेमेंट के बारे में बताया। साथ ही उन्होंने पेटीएम से कैशलेस पेमेंट किए जाने की जानकारियां भी दीं। माल गोदाम रोड स्थित सिंह मेडिकल स्टोर पर भाजयुमो जिलामंत्री उदयवीर सिंह के साथ सभी ने पेटीएम के जरिये कैशलेस पेमेंट की शुरूआत की। इस दौरान कई लोग मौजूद रहे।
----
कैश न मिलने पर सिकंद्राबाद में हंगामा
सिकंद्राबाद। पंजाब नेशनल बैंक में सुबह साढ़ दस बजे तक भुगतान शुरू न होने पर ग्राहकों ने हंगामा शुरू कर दिया। पुलिस ने काफी मशक्कत करने के बाद ग्रामीणों को समझा बुझा कर शांत किया। करीब 11 बजे से खातेदारों को दो-दो हजार रुपया का भुगतान किया गया। तीन बजे कैश खत्म होने की बात कहकर भुगतान बंद कर दिया लेकिन ग्राहक पांच बजे तक लाइन में लगे रहे। जबकि जिला सहकारी बैंक में भुगतान ठप रहा।