पूर्व विधायक ने एसडीएम को सौंपा ज्ञापन
सत्ता पक्ष पर प्रशासन का दुरुपयोग किए जाने का आरोप लगाते हुए पूर्व विधायक ने सैकड़ों कार्यकर्ताओं के साथ तहसील जाकर एसडीएम घनश्याम त्रिपाठी को ज्ञापन सौंपा। साथ ही सत्तापक्ष की ओर से दर्ज कराए गए फर्जी मुकदमों को शीघ्र वापस लिए जाने की मांग की।
दोपहर को पूर्व विधायक एवं भाजपा नेता अरविंद गिरि कार्यकर्ताओं के साथ तहसील पहुंचे और एसडीएम को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में कहा गया है कि सत्ता पक्ष के इशारे पर पिछले छह महीने में दो दर्जन से अधिक प्रधानों पर आपराधिक मुकदमे दर्ज कराए गए हैं। 17 दिसंबर को भाजपा के अलीगंज सेक्टर अध्यक्ष अमित मिश्र और उनके परिवार वालों पर हरिजन एक्ट, सहसपुर के प्रधान गयाप्रसाद वर्मा पर 23 दिसंबर को फर्जी मुकदमा दर्ज कराया गया। बिजुआ और कुंभी के प्रधानों को अपमानित करने का काम किया गया। कई ग्राम पंचायतों में पूर्ति विभाग के नियमों को ताक पर रखकर मनमाने ढंग से कोटे स्वीकृत कराए गए और स्वीकृत कोटेदारों को निलंबित किया गया। हैदराबाद में चंदू राठौर पर जानलेवा हमला किया गया। सत्तापक्ष के इशारे पर अपराधियों के विरुद्ध मामूली धाराओं में मुकदमा दर्ज कराकर बचाने का प्रयास किया गया। मालपुर में मंदिर की जमीन, लक्षमनयती में ठाकुरद्वारे की जमीन और रसूलपनाह में दो भाइयों की जमीन पर कब्जा किया गया। पूर्व विधायक ने चेताया कि यदि दर्ज फर्जी मुकदमे वापस न लिए गए तो वह 30 दिसंबर को जनांदोलन करने के लिए विवश होंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी, तहसील प्रशासन की होगी।
इस मौके पर विजय शुक्ल रिंकू, विजय माहेश्वरी, दीपेंद्र गुप्ता, अनुराग गुप्ता, अचल श्रीवास्तव, धर्मेंद्र गिरि मोंटी, गोपालकृष्ण शुक्ला, केके शुक्ला, पवन शुक्ला, मोतीलाल पांडे, रूपराम वर्मा, बालकृष्ण गुप्ता, सरताज खां आदि मौजूद रहे।