लखीमपुर खीरी। पुरानी रंजिश के चलते सरेशाम युवक को बांके से खांदकर हत्या करने के नौ साल पुराने मामले में एडीजे वीरेंद्रनाथ पांडे ने दो सगे भाइयों को उम्रकैद की सजा सुनाई है।
अभियोजन पक्ष ने बताया कि शहर के देवकली मार्ग स्थित हरिजन बस्ती निवासी धीरज उर्फ छोटू की मोहल्ले के ही भारत और उसके सगे भाई चुन्ना व वहीं के निवासी विवेक से रंजिश चल रही थी।
21 नवंबर, 2017 की शाम जब धीरज उर्फ छोटू अपने घर लौट रहा था, तभी हनुमान मंदिर के पास घात लगाए बैठे भारत, चुन्ना, और विवेक ने धावा बोल दिया, जब धीरज के परिवार वाले उसे बचाने के लिए दौड़े, तब तक हमलावरों ने उसे बांके से बुरी तरह खांदकर मरणासन्न कर दिया।
परिजन घायल अवस्था में धीरज को लेकर कोतवाली गए। वहां से तुरंत जिला अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डाॅक्टरों ने धीरज उर्फ छोटू की हालत नाजुक देखकर उसे लखनऊ मेडिकल काॅलेज के लिए रेफर किया था।
उसी रात इलाज के दौरान धीरज उर्फ छोटू की मौत हो गई। इस संबंध में कोतवाली पुलिस ने जानलेवा हमले को हत्या के मामले में तरमीम किया। अदालती सुनवाई के दौरान मृतक के पिता अशोक कुमार सहित लक्ष्मी, कुलदीप यादव, हरिदास चैरसिया, राजेश कुमार, अशोक कुमार पांडे, निर्मेश भल्ला राजेश कुमार और संजय की गवाही पेश की, तो बचाव पक्ष ने दीपक को पेश किया था।
नौ साल तक चली सुनवाई के दौरान हत्यारोपी विवेक की मौत हो चुकी है। सोमवार को अदालत ने फैसला सुनाते हुए हत्यारोपी भारत व चुन्ना को दोष सिद्ध पाते हुए आजीवन कारावास की सजा सुनाई है। साथ ही दोनों पर 26-26 हजार रुपये का जुर्माना लगाया है।