महेवागंज। सदर कोतवाली क्षेत्र में बस की टक्कर लगने से बाइक सवार युवक की मौके पर मौत हो गई। जबकि एक दूसरा बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल को जिला अस्पताल भिजवाया। शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
कोतवाली सदर के गांव मनिकापुर निवासी जलालुद्दीन का पुत्र जावेद (25) सोमवार शाम बाइक से किसी काम से लखीमपुर जा रहा था। उल्ल नदी पुल के आगे सैंधरी मोड़ के पास सामने से आ रही तेज रफ्तार बस ने बाइक में टक्कर मार दी। इससे जावेद की मौके पर ही मौत हो गई। इसी बीच अनियंत्रित हुई बस में एक अन्य बाइक सवार शहर के मोहल्ला गोटय्या बाग निवासी बाबूराम गंभीर रूप से घायल हो गया। चौकी पुलिस ने घायल को जिला अस्पताल भेजा। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं बस को कब्जे में ले लिया है। पुलिस के मुताबिक मृतक हेलमेट नहीं लगाए था। संवाद