लखीमपुर खीरी। मैगलगंज और नीमगांव में हुई चोरियों की घटनाओं का पुलिस ने खुलासा कर दिया। पुलिस ने घटना में शामिल सीतापुर निवासी दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उनके पास से सामान भी बरामद हुआ है। दोनों पर कई मुकदमे दर्ज हैं।
सहायक पुलिस अधीक्षक विवेक तिवारी ने बताया कि नीमगांव क्षेत्र के ग्राम रायपुर बुजुर्ग, जम्हौरा, रहमतपुर के अलावा थाना हाजा और मैगलगंज में हुई विभिन्न चोरियों के खुलासे के लिए पुलिस टीमें काम कर रही थीं। इस दौरान अजय चौधरी निवासी बरछत्ता जिला सीतापुर और मुस्ताक ग्राम ससौराकलां जिला सीतापुर को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई।
पूछताछ के दौरान दोनों ने क्षेत्र में होने वाली चोरियाें की घटना स्वीकारी हैं। पुलिस ने आरोपियों के पास से मांग बेदी, टॉप्स, कुंडल, नाक के फूल, लाॅकेट, मंगलसूत्र, अंगूठी, ओम, नथूनी, के अलावा करीब 10 लाख रुपये के कीमती सोने-चांदी के जेवर बरामद किए हैं। पुलिस ने पांच हजार कीमत के बर्तन और बाइक भी बरामद की है। पकड़े गए दोनों आरोपियों पर 16-16 मुकदमे दर्ज हैं।