पकड़े गए दोनों अभियुक्त खुद को पत्रकार बताकर भी लोगों पर जमाते थे धौंस
लखीमपुर खीरी। जनपद के ग्रामीण क्षेत्रों में खुद को क्राइम ब्रांच का कर्मचारी बताकर लोगों से ठगी करने वाले दो अभियुक्तों को सदर कोतवाली पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पकड़े गए दोनों अभियुक्त खुद को पत्रकार बताकर भी लोगों पर धौंस जमाते थे।
प्रभारी निरीक्षक चंद्रशेखर ने बताया कि सूचना पर कोतवाली सदर की रामापुर चौकी क्षेत्र के गांव पनगी खुर्द निवासी सिराज के घर से दो व्यक्तियों को गिरफ्तार किया गया है। पकड़े गए लोग चोरी व गिर गए मोबाइल का पता लगाने के नाम पर ठगी करते थे। यह लोग कहीं अपने आप को पत्रकार तो कहीं क्राइम ब्रांच का कर्मचारी बताते थे।
गिरफ्तार अभियुक्तों का नाम मोहित निवासी मुड़िया थाना नीमगांव और सुमित वर्मा निवासी करमुलहा पुत्र थाना गोला है। दोनों अभियुक्तों के विरुद्ध धारा 170/389/419/420 में मुकदमा दर्ज किया गया है और दोनों का चालान भेजा गया है।
प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि अभियुक्तों के कब्जे से छह एंड्राइड मोबाइल, एक भारत न्यूज माइक, एक बहुजन इंडिया न्यूज 24 माइक और इसी का आईडी कार्ड बरामद हुआ है। गिरफ्तारी करने वाली टीम में रामापुर चौकी प्रभारी कमलेश कुमार, हेड कांस्टेबल अविनाश सिंह, घनश्याम यादव शामिल रहे।