गोला पुलिस की गिरफ्त में आरोपी और बरामद सामान। स्रोत: सोशल मीडिया
गोला गोकर्णनाथ। कोतवाली पुलिस ने चोरी की 13 वारदात के खुलासे का दावा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेवर व नकदी बरामद की है। रविवार को प्रभारी निरीक्षक अंबर सिंह के नेतृत्व में स्वाट और सर्विलांस टीम के सहयोग से चोरी की घटनाओं में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
पूछताछ में आरोपियों ने अपना हाल पता योगेंद्र कुमार सिंह निवासी निजामपुर निकटी थाना खीरी और हरिश्चंद्र निवासी बीबीपुर थाना इमलिया सुल्तानपुर सीतापुर बताया। इसमें योगेंद्र कुमार सिंह के अलग-अलग स्थान में आठ और हरिश्चंद्र के खिलाफ चार मुकदमे दर्ज हैं। आरोपियों के कब्जे से एक लाख के जेवर के साथ दस हजार की नकदी तथा अवैध तमंचा बरामद हुआ। पुलिस ने थाना नीमगांव के ग्राम अजमतपुर, गुलौला, प्रतापपुर और पिपरी नारायणपुर गांव की पांच, गोला कोतवाली क्षेत्र के रसूलपुर, मुस्तफाबाद की दो, गोपालापुर और तिनावा गांव सहित चोरी की तेरा घटनाओं के खुलासे का दावा किया है। आरोपियों का चालान भेज दिया गया है। संवाद