खीरी पुलिस भी अब ट्वीटर पर, छह शिकायतें आईं और सभी निस्तारित
जिले की पुलिस भी अब ट्वीटर पर आ गई है। इससे आपको अब स्वयं में असुरक्षा की भावना पैदा करने की जरूरत नहीं है। बस जरूरत होगी स्मार्ट फोन की। आप संकट की घड़ी में ट्वीट करके पुलिस को जानकारी दीजिए और पुलिस आपकी मदद करने को पहुंच जाएगी।
डीजीपी ने सभी आईजी, डीआईजी और एसपी को ट्वीटर पर एकांउट बनाकर जनता की ट्वीटर पर की गई शिकायतों का निस्तारण करने के आदेश दिए थे। इसके पीछे उनकी मंशा यह थी कि जिला स्तर पर जन शिकायतों के निस्तारण में होने वाली लापरवाही पर अंकुश लगाया जा सके। पीड़ित व्यक्ति को अधिकारियों के पास दौड़ भाग भी नहीं करनी पड़ेगी। ट्वीट के जरिए होने वाली शिकायतों के परिणाम की भी जानकारी होगी। पीड़ित व्यक्ति का समय भी बचेगा और उसे जेब भी ढीली नहीं करनी पड़ेगी। पखवाड़े भर पहले डीजीपी के आदेश पर एसपी ने ट्वीटर पर अपना अकाउंट बनवाया।एसपी अखिलेश चौरसिया ने बताया कि यदि स्थानीय पुलिस पीड़ित की बात को नहीं सुन रही है तो वह पीड़ित उन्हें सीधे अवगत कराएं। पीड़ित अपनी शिकायत ट्वीटर के माध्यम से भी उनके पास कर सकता है।
छह शिकायतों का हो चुका निस्तारण
एसपी के ट्वीटर पर सदर कोतवाली, मोहम्मदी से दो-दो, थाना ईसानगर और पसगवां से एक-एक शिकायत ट्वीट की गई, जिसे एसपी अखिलेश चौरसिया ने संबंधित थानों को भेजकर निस्तारित करने के आदेश दिए। एसपी पीआरओ अमर सिंह ने बताया कि संबंधित थानों को भेजे गई शिकायतों का निस्तारण हो चुका है। परिणाम रिपोर्ट पीड़ित के नाम के साथ ट्वीटर पर अपलोड कर डीआईजी रेंज के माध्यम से उच्च अफसरों को भेजी जाती है, ताकि पीड़ित दोबारा यदि शिकायत करे तो उसे ट्रेस किया जा सके।