शहर के मोहल्ला रामनगर में पेयजल की सप्लाई के लिए हाल ही में बने नलकूप की बिजली सप्लाई काट दी गई है, इससे नलकूप पिछले छह दिन से ठप है। भीषण गर्मी में रामनगर मोहल्ले के लोगों को पटेलनगर के नलकूप से जोड़कर पानी की सप्लाई दी जा रही है।
बता दें कि रामनगर और श्यामनगर मोहल्ले में पेयजल सप्लाई के लिए हाल में नगर पालिका द्वारा नए नलकूप का निर्माण कराया गया है। नलकूप से दो से ढाई महीने तक पानी की सप्लाई की गई, लेकिन छह दिन पहले बिजलीकर्मियों ने नहर के पास लगे बिजली पोल से नलकूप की यह कहते हुए सप्लाई काट दी कि नलकूप की बिजली लाइन से 11केवीए की लाइन टकरा रही है। जिससे बिजली सप्लाई में दिक्कत आ रही है। बिजली न मिलने से नलकूप ठप पड़ा है। मोहल्ले के लोगों ने बताया कि हालांकि इससे पेयजल की सप्लाई नहीं बाधित हुई है। पटेलनगर के नलकूप से जोड़कर रामनगर मोहल्ले के लोगों को पानी दिया जा रहा है, लेकिन बिजली लाइन जुड़ने से ठप नलकूप से पानी की सप्लाई हो सकेगी। इधर, ईदगाह के जेई आरएन मिश्रा ने बताया कि उन्हें नलकूप तक बिजली न पहुंचने की कोई शिकायत नहीं मिली है और न ही नलकूप के बारे में ही जानकारी है। शिकायत आने पर जरूर कार्रवाई की जाएगी।