लखीमपुर खीरी में मैगलगंज बाइपास पर रविवार सुबह भीषण हादसा हुआ। बाइपास पर खड़े ट्रेलर में पीछे से ट्रक घुस गया। ट्रक में लोहे के गर्डर भरे हुए थे। झटके से गर्डर केबिन को चीरकर आगे पहुंच गए, जिसमें दबकर ट्रक चालक की मौत हो गई।
लखीमपुर खीरी के मैगलगंज में बाइपास पर रविवार सुबह खड़े ट्रेलर में गर्डर लदा ट्रक घुस गया। भीषण हादसे में झटके लगने से ट्रक का केबिन चीरकर आगे पहुंचे लोहे के गर्डर में दबकर चालक राजेश्वरी पटेल (36) पुत्र बेसे प्रसाद की मौत हो गई। पुलिस ने काफी मशक्कत कर शव को बाहर निकलवाया।
विज्ञापन
मध्य प्रदेश के सिंगरौली जिले के पचौरी निवासी राजेश्वरी ट्रक में भरे लोहे के गर्डर लेकर छत्तीसगढ़ से संभल जा रहे थे। सीतापुर से निकलने के बाद मैगलगंज बाइपास पर कोयला लदा ट्रेलर सड़क के किनारे खड़ा था। मैगलगंज इंस्पेक्टर रविंद्र कुमार पांडे ने प्रत्यक्षदर्शियों के हवाले से बताया कि जिस जगह पर हादसा हुआ है, वहां पर पीलीभीत जाने के लिए भी सड़क कटी है। संभवत: ट्रेलर को पीलीभीत ले जाना चाहता होगा और ट्रेलर गलती से दिल्ली की ओर बढ़ गया। इसलिए ट्रेलर को सड़क किनारे रोककर चालक रास्ता पूछ रहा होगा, तभी पीछे से आ रहा ट्रक उसमें घुस गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसा इतना भीषण था कि चालक को बाहर निकालने में स्थानीय लोगों और पुलिस को काफी मशक्कत करनी पड़ी। कुछ समय तक मार्ग पर जाम की स्थिति भी बनी रही। पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद खुलवाया।