मैगलगंज। टोल प्लाजा के पास बृहस्पतिवार को एक किशोर पर ज्वलनशील पदार्थ डालकर उसको जलाने की कोशिश की गई। इससे किशोर का पेट और पैर बुरी तरह झुलस गए। सीएचसी पसगवां में प्राथमिक उपचार के बाद उसको शाहजहांपुर के जिला अस्पताल में रेफर किया गया है। पीड़ित के भाई ने पुलिस को आरोपी के खिलाफ तहरीर दी है।
मोहल्ला नवाबगंज निवासी मोनिश पुत्र शराफतदीन बृहस्पतिवार को टोल प्लाजा के पास स्थित दुकान पर अपने बड़े भाई रियाज सिद्दीकी को भोजन देने जा रहा था। चश्मदीदों के मुताबिक, मोनिश के वहां पहुंचते ही पड़ोसी दुकानदार ने उसपर ज्वलनशील तरल पदार्थ डालकर जलती माचिस की तीली फेंक दी। देखते ही देखते मोनिश आग की लपटों में घिर गया। यह देखकर आसपास मौजूद लोगों ने उसपर कंबल आदि डालकर आग बुझाई।
आग से मोनिश का पेट व पैर बुरी तरह झुलस गए। रियाज उसको लेकर सीएचसी पसगवां पहुंचे। वहां प्राथमिक उपचार के बाद मोनिश को शाहजहांपुर के जिला अस्पताल में रेफर किया गया है। रियाज ने पुलिस को आरोपी के खिलाफ तहरीर दी है। आरोप है कि पुरानी रंजिश में घटना को अंजाम दिया गया। इंस्पेक्टर रमेशचंद्र पांडे ने बताया कि पीड़ित का बयान दर्ज होने के बाद कार्रवाई की जाएगी।