गोला गोकर्णनाथ। परिवहन निगम महिला सुरक्षा एवं यात्री सुविधाओं को लेकर अपनी बसों को हाईटेक बना रहा है। गोला रोडवेज डिपो की 38 बसों में पैनिक बटन डिवाइस लगाई गई है। इनके अपडेशन का कार्य शुरू हो गया है।
गोला रोडवेज डिपो में बीएस 6 श्रेणी की 35 सहित 98 निगम की बसे हैं। महिला सुरक्षा निर्भया योजना के तहत इन बसों को सुरक्षा की दृष्टि से हाईटेक बनाया जा रहा है। इसके तहत रोडवेज की 38 बसों में पैनिक बटन डिवाइस प्रत्येक सीट पर लगाई गई है। बटन को दबाकर यात्री अपनी असुविधा और समस्या को लेकर मुख्यालय लखनऊ और 112 पुलिस कंट्रोल मुख्यालय को बता सकेगा। जीपीएस के माध्यम से बस को ट्रैक कर यात्री समस्याओं का समाधान किया जाएगा।
इस तरह काम करेगी डिवाइस
एआरएम महेश चंद्र कमल और टाइम कीपर सनी ने बताया कि डिवाइस को लेकर मुख्यालय हरदोई में प्रशिक्षण भी हुआ है। इस डिवाइस को जीपीएस से कनेक्ट किया गया है। साथ ही कोई भी व्यक्ति अपने मोबाइल पर प्ले स्टोर से यूपी मार्गदर्शी एप डाउनलोड कर सकता है। इस एप के माध्यम से बस नंबर डालने पर कोई व्यक्ति बस की लोकेशन ट्रेस कर सकता है। यदि कोई यात्री अनजान जगह पर फंस गया है तो इसी एप पर लोकेशन ऑन करने पर उसे नजदीक के बस अड्डे और बस की समय सारणी की जानकारी हो जाएगी। दुर्घटना या किसी अन्य समस्या को लेकर बस के अंदर बैठा यात्री पैनिक बटन डिवाइस के माध्यम से मुख्यालय को अपनी समस्या बता सकता है। इस डिवाइस का जीपीएस सिस्टम डिस्प्ले रोडवेज डिपो पर भी लगाया गया है।
परिवहन निगम यात्रियों और खासकर महिलाओं की सुरक्षा को लेकर काफी संवेदनशील है। निगम की 38 बसों में पैनिक बटन डिवाइस लगाई गई है। जिसकी अपडेशन का कार्य चल रहा है।
महेश चंद्र कमल
एआरएम रोडवेज डिपो गोला