लखीमपुर खीरी। जिले की 18 प्रमुख सड़कों को चौड़ा करने में ट्रांसफॉर्मर और बिजली के खंभे बाधक बन रहे हैं। सीडीओ अभिषेक कुमार ने इस पर सख्त रुख अख्तियार किया है। शुक्रवार को विकास भवन में उन्होंने कार्यदायी संस्थाओं और विद्युत निगम के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। खासतौर पर उन प्रमुख सड़कों की चर्चा हुई, जिनके सुधार कार्य में बिजली के खंभे और ट्रांसफाॅर्मर रोड़ा बने हुए हैं।
सीडीओ ने कहा कि डॉन बॉस्को-राजापुर मार्ग, एलआरपी-इंदिरा मनोरंजन पार्क मार्ग समेत जिले के 18 प्रमुख मार्गों पर खंभे और ट्रांसफाॅर्मरों की शिफ्टिंग में शिथिलता दिखाई जा रही है, जिससे निर्माण कार्य समय से पूरा नहीं हो पा रहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि सड़क निर्माण जैसे सार्वजनिक हित के कामों में देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। बैठक में सीडीओ ने विद्युत विभाग की कार्यशैली पर नाराजगी जताई। कहा कि विभाग की लापरवाही विकास कार्यों की प्रगति को बाधित कर रही है।
सीडीओ ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि खंभों व ट्रांसफाॅर्मर की शिफ्टिंग का कार्य प्राथमिकता पर पूर्ण कराएं। बैठक में सीडीओ ने शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में समयबद्ध और स्थिर विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। कहा कि किसी भी क्षेत्र में बार-बार बिजली फाॅल्ट की शिकायतें आना गंभीर विषय है।
उन्होंने अधीक्षण अभियंता और अधिशासी अभियंता को निर्देश दिए कि बिजली से संबंधित शिकायतों की मॉनीटरिंग स्वयं करें और साप्ताहिक प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करें।