रेल लाइन से सटाकर ट्रक निकलने के समय हुआ हादसा
जसनगर रेलवे क्रॉसिंग के पास हुई घटना
मैलानी-बहराइच रेल प्रखंड पर शनिवार की दोपहर जसनगर रेलवे क्रॉसिंग के पास रेलवे लाइन के निकट से होकर गुजर रहे ट्रक में बहराइच जा रही पैसेंजर ट्रेन का इंजन टकरा गया, जिससे ट्रक का पिछला हिस्सा उड़ गया और ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया। गनीमत यह रही कि कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ। सूचना पर आरपीएफ के साथ कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंच गई।
शनिवार को बहराइच जा रही ट्रेन संख्या 52254 डाउन ने तिकुनियां रेलवे स्टेशन से करीब पौने दो बजे प्रस्थान किया। रेलवे स्टेशन से करीब चार किलोमीटर दूर जसनगर गांव के निकट स्थित रेलवे क्रॉसिंग के पास ट्रेन पहुंची तो चालक की नजर रेलवे ट्रैक से सटाकर निकल रहे ट्रक पर पड़ी। चालक जब तक इमरजेंसी ब्रेक लगाता तब तक ट्रेन के इंजन की चपेट में ट्रक का पिछला हिस्सा आ गया। इससे ट्रक का पिछला हिस्सा पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया और ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में ट्रेन के इंजन में लगा बंपर भी क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के बाद ट्रेन में बैठे यात्रियों में भगदड़ मच गई। तेज धमाके की आवाज पर जसनगर, केवंटली, खैरेटिया आदि गांवों के बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंच गए। हादसे के बाद ट्रक चालक और हेल्पर मौके से भाग निकला। सूचना पर जीआरपी, आरपीएफ और कोतवाली तिकुनियां प्रभारी जयकरन सिंह भी मौके पर पहुंच गए। हादसे के कारण ट्रेन करीब दो घंटे बाद घटनास्थल से बहराइच की ओर रवाना हो सकी।
इसलिए हुई दुर्घटना
तिकुनियां। तिकुनियां-बहराइच रेलवे ट्रैक के किनारे पक्की सड़क है। जसनगर रेलवे क्रॉसिंग से करीब पांच सौ मीटर आगे दो ट्रक रेलवे ट्रैक के बराबर में खड़े थे और गन्ना लोड कर रहे थे। इस बीच खैरेटिया जा रहे एक खाली ट्रक ने दोनों ट्रकों के किनारे रेलवे ट्रैक के किनारे पड़ी जगह से ट्रक को निकालने की कोशिश की, इसी बीच तिकुनियां से आ रही पैसेंजर गाड़ी का इंजन पीछे से ट्रक में टकरा गया और हादसा हो गया।