बांकेगंज। मैलानी से लखीमपुर के बीच 14 फरवरी को ब्रॉडगेज ट्रेनों का संचालन शुरू होना प्रस्तावित है। इसके लिए शनिवार को भी दो राउंड ट्रायल इंजन 60 किलोमीटर की स्पीड से रेल पटरियों पर दौड़ाया गया। इससे पहले शुक्रवार को भी लखीमपुर-मैलानी के बीच इसी स्पीड से लोको पायलटों ने दो राउंड में रेलवे ट्रैक का अभ्यास किया था।
लंबे अरसे के बाद ब्रॉडगेज ट्रेनों का संचालन शुरू होने पर बांकेगंज रेलवे स्टेशन से गुजरने वाले ट्रायल इंजन को देखने के लिए लोगों की भीड़ जमा हो गई। दोपहर करीब डेढ़ बजे गोला से चलकर ट्रायल इंजन बांकेगंज से मैलानी की ओर गया। जिसे देखने के लिए रेलवे प्लेटफार्म, फाटक और रेल पटरियों के किनारे बसे गांव के लोगों की भीड़ जमा हो गई। दो दिन से लगातार किए जा रहे इंजन ट्रायल से लोगों को उम्मीद जगी है कि अब उन्हें ब्रॉडगेज की ट्रेनों में सफर करने का मौका मिलेगा।