लखीमपुर खीरी। शहर के 15 केंद्रों पर आयोजित शिक्षक पात्रता परीक्षा (टीईटी) की पहली और दूसरी पाली का पेपर छूटने के बाद बृहस्पतिवार को यातायात व्यवस्था पर अचानक दबाव बढ़ गया। बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों के एक साथ परीक्षा केंद्रों से निकलने पर प्रमुख मार्गों और चौराहों पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। इससे शहर के कई हिस्सों में यातायात प्रभावित रहा और लोगों को काफी देर तक जाम का सामना करना पड़ा।
टीईटी देने के लिए लखनऊ, बरेली, पीलीभीत, उन्नाव, सीतापुर, बहराइच समेत कई जिलों से अभ्यर्थी लखीमपुर पहुंचे थे। परीक्षा समाप्त होने के बाद बड़ी संख्या में अभ्यर्थी बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन और निजी वाहनों की ओर एक साथ रवाना हुए, जिससे प्रमुख मार्गों पर यातायात का दबाव बढ़ गया।
सबसे अधिक जाम आर्य कन्या चौराहे और राजकीय कन्या इंटर कॉलेज तिराहे पर रहा। दोनों कॉलेजों के पास सिंगल मार्ग और अतिक्रमण के कारण यातायात और प्रभावित हुआ। सेठघाट चौराहे पर भी वाहनों की लंबी कतारें लगी रहीं। कृषक समाज इंटर कॉलेज में परीक्षा समाप्त होने के बाद उसके आसपास का क्षेत्र भी जाम की चपेट में आ गया।
राजापुर चौराहा, सौजन्या चौक, गांधी विद्यालय तिराहा, हीरालाल धर्मशाला, मेला मैदान चौराहा, इमली चौराहा, जिला अस्पताल रोड और छाउछ रोड समेत कई मार्गों पर देर तक यातायात प्रभावित रहा। बाजार जाने वाले, कार्यालयों से लौटने वाले और अन्य राहगीरों को भी परेशानी उठानी पड़ी।
कई अभ्यर्थियों को बस और ट्रेन पकड़ने के लिए भागदौड़ करनी पड़ी। लोगों का कहना है कि बड़े स्तर की प्रतियोगी परीक्षाओं के दौरान पहले से प्रभावी ट्रैफिक प्लान लागू किया जाए, ताकि परीक्षार्थियों और आम लोगों को जाम जैसी समस्या का सामना न करना पड़े।
-
टीईटी में अधिकांश अभ्यर्थी निजी वाहनों से आए थे। बारिश के कारण कई लोगों ने अपने वाहन सड़क किनारे खड़े कर दिए और इधर-उधर चले गए, जिससे जाम की स्थिति बनी। शुक्रवार को यातायात प्रभारी के साथ बैठक कर समीक्षा की जाएगी और भविष्य में ऐसी स्थिति से बचने के लिए आवश्यक रणनीति बनाई जाएगी।
-अभिमन्यु त्रिपाठी, सीओ ट्रैफिक
..................................................................
बसों में सीटों के लिए हुई धक्का-मुक्की
बारिश के चलते काफी अभ्यर्थी निजी वाहनों से आए थे, जबकि बड़ी संख्या में परीक्षार्थी ट्रेन और बस से भी पहुंचे। परीक्षा समाप्त होने के बाद रेलवे स्टेशन और रोडवेज बस स्टेशन पर यात्रियों की भीड़ उमड़ पड़ी। दोपहर करीब एक बजे पैसेंजर ट्रेन में इतनी भीड़ रही कि कई यात्री, विशेषकर महिलाओं, को चढ़ने में कठिनाई हुई।
रोडवेज बसों में भी भारी भीड़ रही। लखीमपुर डिपो ने गोला से 35 अतिरिक्त बसें मंगाईं, लेकिन भीड़ के मुकाबले वे भी कम पड़ गईं। बाद में और बसों का इंतजार करना पड़ा। देर शाम तक अभ्यर्थियों की वापसी का सिलसिला जारी रहा।
बस स्टेशन रोड पर गांधी विद्यालय चौराहे पर लगा जाम। संवाद
बस स्टेशन रोड पर गांधी विद्यालय चौराहे पर लगा जाम। संवाद