भीरा/सिंगाही। जिले में बृहस्पतिवार को बिजली ने दो स्थानों पर कहर बरपाया। भीरा क्षेत्र के मटेहिया गांव में बिजली के झटके से एक महिला झुलस गई, जबकि सिंगाही क्षेत्र के निबुआ फार्म में बिजली गिरने से घास-फूस की रसोई में आग लग गई।
भीरा क्षेत्र के मटेहिया गांव निवासी अर्चना देवी पत्नी हरीश गुप्ता घर पर थीं। इसी दौरान पास के एक आम के पेड़ पर बिजली गिर गई। तेज झटके की चपेट में आने से वह झुलस गईं। बिजली गिरने से घर में लगा इन्वर्टर और बैट्री भी खराब हो गए। परिजनों ने उन्हें तत्काल निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनका उपचार चल रहा है।
उधर, सिंगाही थाना क्षेत्र की ग्राम पंचायत नौरंगाबाद के निबुआ फार्म निवासी रामस्वरूप के घर पर बिजली गिरने से घास-फूस से बनी रसोई में आग लग गई। रसोई के ऊपर लगा टिन शेड तेज धमाके के साथ फट गया। घटना के समय रसोई में रखा घरेलू सामान बिखर गया। परिजनों ने तत्काल कुछ सामान बाहर निकाल लिया, लेकिन आग से रसोई और उसमें रखा सामान क्षतिग्रस्त हो गया। घटना के समय रसोई में कोई मौजूद नहीं था, जिससे जनहानि नहीं हुई और बड़ा हादसा बच गया। घटना के बाद परिवार में दहशत फैल गई। ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता दिलाने की मांग की है।