मझगईं में ग्रामीणों द्वारा खुद साफ की गई सड़क। संवाद
मझगईं। ग्राम पंचायत के मुख्य बाजार में दुकानों के सामने नालियों की सफाई न होने से आए दिन जलभराव हो रहा है। स्थानीय प्रशासन से कई बार मांग के बाद भी सुनवाई न होने पर व्यापारियों ने खुद ही सफाई कराई। इससे खुद के साथ आसपास के लोगों को राहत मिल गई है।
कस्बे में सफाई कर्मियों के न आने से नालियों की सफाई नहीं हो पा रही है। इस वजह से व्यापारी राजेंद्र गुप्ता, रामासरे गुप्ता, अनिल गुप्ता, दिनेश गुप्ता के आवासों के पास कूड़े से नालियां पटकर चोक हो गईं थीं। घरों से निकलने वाला गंदा पानी निघासन मार्ग पर ही भरा रहता था। इस वजह से व्यापारियों और स्कूली बच्चों को परेशानियों का सामना करना पड़ता था। कस्बे के व्यापारियों ने डीएम से बाजार में दोनों तरफ नालियों का निर्माण कराने और सफाई कर्मियों को रोजाना सफाई के लिए निर्देशित करने की मांग की है। ग्राम विकास अधिकारी बलराम राना ने बताया कि सफाई कर्मियों की ड्यूटी एसआईआर डाटा सुधारने में लगी है। चार नवंबर को खाली होने के बाद सफाई कराई जा सकेगी। संवाद