ममरी। ममरी घमहाघाट रोड पर गुरुवार शाम हुई दुर्घटना में कार सवार तीन युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को 108 एंबुलेंस से सीएचसी गोला ले जाया गया। जहां डॉक्टर ने एक युवक की हालत गंभीर देख उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया है।
हैदराबाद थाना क्षेत्र के गांव जनकपुर नंबर 18 निवासी तीन युवक दीपक यादव, महेश यादव, प्रेमचंद यादव, गुरुवार की शाम अपनी कार से रिश्तेदारी में जा रहे थे। उनकी कार जैसे ही रोशन नगर गांव में गन्ना कोल्हू के पास पहुंची वैसे ही तेज गति में आ रहे ट्रैक्टर-ट्रॉली चालक ने उनकी कार को टक्कर मार दी। हादसे में कार क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार तीनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। चालक ट्रैक्टर ट्रॉली समेत भाग निकला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने तीनों घायलों को 108 एंबुलेंस से सीएचसी गोला भिजवाया। जहां डॉक्टर ने प्रेमचंद की हालत गंभीर देख उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया है, जबकि दो घायलों का इलाज सीएचसी में ही हो रहा है। संवाद