लखीमपुर खीरी। जिले के राजकीय और निजी औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों में प्रथम चरण की प्रवेश प्रक्रिया चल रही है। सात सितंबर को प्रवेश का अंतिम मौका है। चयनित अभ्यर्थी संबंधित संस्थानों में मूल अभिलेख और स्वप्रमाणित छायाप्रतियों के साथ पहुंचकर प्रवेश ले सकेंगे।
आईटीआई के नोडल प्रधानाचार्य पीके शाक्यवार ने बताया कि चयनित अभ्यर्थियों को चयन पत्र, जाति प्रमाणपत्र, निवास प्रमाणपत्र, आधार कार्ड और दो फोटो समेत अन्य जरूरी अभिलेख साथ लाने होंगे। अभ्यर्थी परिषद की वेबसाइट पर पंजीकरण नंबर और जन्मतिथि दर्ज कर चयन परिणाम देख सकते हैं।
आईटीआई लखीमपुर और फूलबेहड़ के चयनित अभ्यर्थियों को राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान, लखीमपुर खीरी में प्रवेश लेना होगा। चंदनचौकी, मोहम्मदी, कुंभी, धौरहरा और निघासन के चयनित अभ्यर्थी अपने संबंधित संस्थानों में प्रवेश लेंगे। नोडल प्रधानाचार्य ने बताया कि सोमवार को प्रवेश का अंतिम मौका है। अभ्यर्थी समय रहते प्रवेश लेना सुनिश्चित करें।