तिकुनिया हिंसा में आरोपी पुत्र आशीष मिश्र की जमानत अर्जी तो पिता अजय मिश्र टेनी की प्रभात हत्याकांड की लखनऊ बेंच में होनी है सुनवाई
लखीमपुर खीरी। केंद्रीय गृह राज्यमंत्री अजय मिश्र टेनी और उनके पुत्र आशीष मिश्र के लिए सोमवार का दिन काफी अहम रहने वाला है। यह संयोग है कि पिता अजय मिश्र टेनी के खिलाफ हाईकोर्ट में जहां 22 साल पुराने मामले में सुनवाई होनी है तो वहीं तिकुनिया हिंसा के आरोपी और मंत्री पुत्र आशीष मिश्र की जमानत अर्जी पर भी सोमवार को ही हाईकोर्ट में सुनवाई है। अदालत का फैसला यह तय करेगा कि पिता और पुत्र दोनों का क्या होगा?
22 साल पुराने प्रभात गुप्ता हत्याकांड में हाईकोर्ट में केंद्रीय गृह राज्यमंत्री अजय मिश्र टेनी के खिलाफ मुकदमा लिस्ट हुआ है। यहां बता दें कि मामले में सुनवाई के लिए हाईकोर्ट कई बार आदेश कर चुका है। सोमवार को कोर्ट नंबर एक और दो की डबल बेंच में जस्टिस रमेश सिन्हा और सरोज यादव सुनवाई करेंगे।
उधर, तिकुनिया हिंसा के आरोपी मंत्री पुत्र आशीष मिश्र मोनू के खिलाफ भी 11 जुलाई को हाईकोर्ट लखनऊ में जमानत अर्जी पर सुनवाई लगी है। जस्टिस कृष्ण पहल की बेंच में आशीष मिश्र की जमानत की सुनवाई लगातार जारी है। इससे पहले 8 जुलाई को आशीष की जमानत अर्जी पर बहस हुई थी, जिसके बाद अगली सुनवाई के लिए 11 जुलाई की तिथि तय की गई थी।
प्रभात हत्याकांड की पैरवी कर रहे राजीव गुप्ता का कहना है कि उनके भाई की आठ जुलाई 2000 को गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। वह 22 सालों से न्याय मांग रहे हैं। ईश्वर अब न्याय कर रहा है, जिसकी अंतिम सुनवाई 11 जुलाई को हाईकोर्ट की लखनऊ खंडपीठ में डबल बेंच करेगी। 22 साल बाद ही 11 जुलाई को ही अजय मिश्र टेनी के खिलाफ प्रभात गुप्ता हत्याकांड का मुकदमा फिर से सुने जाने के लिए एमपी एमएलए हाईकोर्ट तैयार है।
आशीष मिश्र मोनू