बांकेगंज-कुकरा सड़क पार करता बाघ। स्रोत : सोशल मीडिया।
बांकेगंज। मैलानी और गोला रेंज से गुजरे बांकेगंज-कुकरा मार्ग पर कलिंजरपुर जंगल से निकला बाघ सड़क पार करता दिखाई दिया। यह देख सड़क के दोनों ओर वाहनों के पहिये थम गए। राहगीरों में ऐसी भगदड़ मची कि वह अपनी बाइकें फेंककर सुरक्षित स्थानों की ओर भागे।
शुक्रवार सुबह आठ बजे करीब गोला रेंज की कलिंजरपुर बीट जंगल से निकला बाघ बांकेगंज-कुकरा सड़क पार कर लोहिया पुल पर पहुंच गया। इस बीच वह सड़क पर काफी देर तक चहलकदमी करता रहा। यह देख उधर से गुजर रहे राहगीरों और स्कूली बच्चों के होश उड़ गए। राहगीरों के सामने मंडरा रही मौत को देख लोग अपनी बाइक सड़क पर छोड़ सुरक्षित स्थानों की ओर भाग खड़े हुए।
दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गई। काफी देर तक आवागमन बाधित रहा। इस बीच चौपहिया वाहन सवारों लोगों ने उसका वीडियो बनाया और सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया।
कई गांवों के लोग दहशत में
दक्षिण खीरी वन प्रभाग और दुधवा टाइगर रिजर्व बफरजोन की सीमा पर स्थिति बरौंछा नाला क्षेत्र में एक बाघ पिछले तीन माह के अधिक समय से सक्रिय है। इस बीच यह बाघ एक बालक को मारने के साथ ही तीन दर्जन से अधिक पालतू पशुओं का शिकार कर चुका है। बाघ के आतंक से दो दर्जन से अधिक गांव के लोग काफी परेशान है। इससे वन विभाग के प्रति लोगों का आक्रोश बढ़ता जा रहा है।
-
बांकेगंज-कुकरा मार्ग पर बाघ दिखाई पड़ने की सूचना मिली है। निगरानी कराई जा रही है। राहगीरों और ग्रामीणों को सतर्कता बरतनी चाहिए। उसे जल्द पकड़ा जाएगा, अभियान चलाया जा रहा है।
- संजय बिश्वाल, डीएफओ, दक्षिण खीरी वन प्रभाग