लखीमपुर खीरी में दक्षिण खीरी वन प्रभाग की मोहम्मदी रेंज के महेशपुर जंगल में सोमवार शाम गश्त कर रहे वन कर्मियों की टीम को उदयपुर गांव के पास सड़क पर घायल अवस्था में बाघ बैठा दिखाई दिया। उसके आगे के दोनों पैर और कंधे पर गहरे जख्म थे।
गश्ती टीम की सूचना के बाद मौके पर पहुंचे वनाधिकारियों ने उपचार के लिए पशु चिकित्सकों की टीम को मौके पर बुलाया, लेकिन देर रात 11 बजे बाघ की मौत हो गई। डीएफओ तापस मिहिर ने बताया कि बाघ के शव का आईवीआरआई बरेली में पोस्टमॉर्टम कराया जाएगा। इसके बाद ही बाघ की मौत का स्पष्ट कारण पता चल सकेगा।