मैलानी। रेल प्रशासन ने ग्रीष्मकाल में यात्रियों की सुविधा के लिए चलाई जा रही लालकुआं-कोलकाता-लालकुआं स्पेशल ट्रेन के तीन फेरे निरस्त कर दिए हैं। इससे इस ट्रेन से यात्रा करने वाले यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ेगा।
पूर्वोत्तर रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी सुमित कुमार के अनुसार, वाराणसी मंडल के गोरखपुर कैंट-पनियहवा रेलखंड पर उनौला और पिपराइच स्टेशनों के बीच रेलपथ दोहरीकरण की कमीशनिंग के लिए 30 मई से पांच जून तक प्री-नॉन इंटरलॉक, छह से आठ जून तक नॉन इंटरलॉक कार्य और आठ जून को रेल संरक्षा आयुक्त के निरीक्षण के चलते कई ट्रेनों का निरस्तीकरण, मार्ग परिवर्तन और पुनर्निर्धारण किया गया है।
इसी क्रम में लालकुआं से 21 मई, 28 मई और चार जून को चलने वाली ट्रेन संख्या 05060 लालकुआं-कोलकाता स्पेशल निरस्त रहेगी। वहीं, कोलकाता से 23 मई, 30 मई और छह जून को चलने वाली ट्रेन संख्या 05059 कोलकाता-लालकुआं स्पेशल भी निरस्त रहेगी।
ट्रेन संख्या 05060 लालकुआं-कोलकाता साप्ताहिक स्पेशल का संचालन दो अप्रैल से 25 जून तक और ट्रेन संख्या 05059 कोलकाता-लालकुआं स्पेशल का संचालन चार अप्रैल से 27 जून तक 13-13 फेरों के लिए किया गया था। इनमें से तीन-तीन फेरे निरस्त होने से यात्रियों की मुश्किलें बढ़ेंगी।