खमरिया (खीरी)। घाघरा नदी में सोमवार सुबह नहाने गईं तीन किशोरियां तेज बहाव में बह गईं। चीख-पुकार सुनकर पहुंचे ग्रामीणों ने एक किशोरी को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। दो किशोरियां गहरे पानी में बहकर लापता हो गईं। देर शाम तक एसडीआरएफ और पुलिस की टीमें उनकी तलाश में जुटी रहीं।
घटना क्षेत्र के ग्राम हटवा मजरा फिरोजाबाद की है। गांव निवासी प्यारे की पुत्रियां शैलेंद्री (10) और सुनीता (15) तथा रामप्रसाद की पुत्री गोल्डी (11) सोमवार सुबह करीब 10 बजे घाघरा नदी किनारे स्थित अपना खेत देखने गई थीं। इसके बाद तीनों नदी में नहाने लगीं।
इसी दौरान तीनों गहरे पानी में चली गईं और तेज बहाव में डूबने लगीं। उनकी चीख-पुकार सुनकर आसपास मौजूद ग्रामीण नदी की ओर दौड़े। ग्रामीणों ने प्रयास कर शैलेंद्री को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। गोल्डी और सुनीता गहरे पानी में चली गईं और तेज बहाव में बह गईं।
ग्रामीणों ने दोनों की तलाश शुरू की, लेकिन उनका पता नहीं चल सका। सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची। एसडीआरएफ की टीम भी पहुंच गई और नदी में दोनों किशोरियों की तलाश शुरू की। देर शाम तक दोनों का पता नहीं चल सका था।
सीओ धौरहरा शमशेर बहादुर सिंह ने बताया कि दोनों किशोरियों की तलाश के लिए पुलिस टीम मौके पर है। एसडीआरएफ भी तलाश में जुटी है।
सुनीता- फोटो : Archive
सुनीता- फोटो : Archive
सुनीता- फोटो : Archive