निघासन में नगर पंचायत की ओर से बनाया गया बारातघर। संवाद
निघासन। नगर पंचायत की ओर से पटेलनगर चौधरी पुरवा में करीब सवा तीन करोड़ रुपये की लागत से निर्मित बरातघर तैयार हो गया है। हैंडओवर की प्रक्रिया पूरी होने के बाद बोर्ड बैठक में किराया निर्धारित किया जाएगा। इसके बाद इसे कस्बे और आसपास के लोगों के लिए उपलब्ध कराया जाएगा।
मैरिज हॉल का निर्माण कंस्ट्रक्शन एंड डिजाइन सर्विसेज (सीएनडीएस) ने कराया है। भवन तैयार होने से शादी-विवाह और अन्य सामाजिक आयोजनों के लिए सुविधायुक्त स्थान मिलेगा और लोगों की निजी मैरिज लॉन या महंगे स्थानों पर निर्भरता कम होने की उम्मीद है।
सीएनडीएस के अभियंता राघवेंद्र वर्मा ने बताया कि तीन मंजिला भवन में कई सुविधाएं हैं। भूतल पर 74.20 वर्गमीटर का बहुउद्देशीय हॉल, कार्यालय, रसोई और स्टोर रूम है। प्रथम तल पर 270.52 वर्गमीटर का बड़ा हॉल, 26.45 वर्गमीटर का दूसरा हॉल, तीन कमरे, शौचालय-बाथरूम, अटैच लिविंग रूम, बेडरूम के साथ अटैच टॉयलेट-बाथरूम, ड्राइवर रेस्ट रूम और किचन समेत अन्य सुविधाएं हैं। हॉल में करीब 80 लोगों के बैठने की क्षमता और जयमाल कार्यक्रम के लिए अलग व्यवस्था है।
निघासन नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी दिनेश शुक्ला ने बताया कि मंगलम मैरिज हॉल का निर्माण पूरा हो चुका है। हैंडओवर के बाद बोर्ड बैठक में किराया निर्धारित किया जाएगा और फिर कस्बावासियों को सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।