महेवागंज/सुंदरवल। फूलबेहड़ क्षेत्र में शनिवार रात एक बाइक पर सवार तीन युवक कोहरे में हादसे का शिकार हो गए। इसमें युवक की मौत हो गई जबकि दो घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को अस्पताल भेजा। हादसा किस वाहन से हुआ पुलिस इसकी छानबीन कर रही है। बाइक सवारों ने हेलमेट नहीं लगाया था।
भीरा थाना क्षेत्र के मिस्त्रीपुरवा गांव निवासी रमेश (32) अपने साथी रमेश कुमार मौर्य (23) के साथ शनिवार को फूलबेहड़ थाना क्षेत्र के खमरिया गांव निवासी सुनील (30) के घर रिश्तेदारी में गए थे। जहां शाम को तीनों एक बाइक से बसैगापुर पहुंचे और रात आठ बजे वापस खमरिया की ओर चल दिए। घने कोहरे की वजह से अटकोहना सलारपुर के पास अज्ञात वाहन ने इनकी बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए।
सूचना पर पहुंची सुंदरवल पुलिस ने घायलों को जिला अस्पताल भेजा। जहां डॉक्टरों ने सुनील को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने बताया कि सड़क हादसे में एक युवक की मौत हुई है। उसके दो साथी घायल हुए हैं। हादसा किस वाहन से हुआ उसे ट्रेस किया जा रहा है। संवाद