भेड़िए के हमले से घायल पहुंचे वन रेंज आफिस। संवाद
धौरहरा। वन रेंज के सिसैया गांव में शनिवार को भेड़िये ने हमला कर तीन किसानों को घायल कर दिया। घायलों ने वन रेंज कार्यालय जाकर क्षेत्रीय वनाधिकारी नृपेंद्र चतुर्वेदी को लिखित में शिकायत दी। वन विभाग ने जांच के बाद सियार के हमले का अंदेशा जताया है।
गांव सिसैया निवासी किसान सोबरन गौतम, मुन्नू भार्गव और रमजान अंसारी सुबह खेत में काम कर रहे थे। इस दौरान भेड़िये ने तीनाें पर हमला कर दिया। घायलों का सीएचसी धौरहरा में इलाज चल रहा है। सूचना के बाद वन विभाग की टीम गांव में कांबिंग कर रही है। क्षेत्रीय वनाधिकारी नृपेंद्र चतुर्वेदी ने बताया कि भेड़िये के हमले की सूचना मिली है। टीम जांच कर रही है। क्षेत्र में निगरानी भी कराई जा रही है। इससे दो माह पहले भी सिसैया के पास एक गांव में पांच लोगों को भेड़िये ने हमला कर घायल कर दिया था।