खीरी टाउन। सोमवार देर शाम नकहा कस्बा के समीप अलग-अलग हादसों में तीन लोगों की मौत हो गई।
कस्बा नकहा के थोड़ा आगे ग्राम पंचायत अशोगापुर के निकट एनएच 730 पर सड़क हादसे में दो लोगों की मौत हो गई। जानकारी के अनुसार दो बाइक सवार लखीमपुर की तरफ से आ रहे थे। वहीं एक ट्रैक्टर-ट्रॉली अशोगापुर के पास लोगों कहीं जा रही थी। जैसे ही बाइक सवारों ने ट्रैक्टर ट्राली को क्रॉस करने की कोशिश की, छुट्टा जानवर के आ जाने से बाइक अनियंत्रित हो गई।
ट्रैक्टर-ट्रॉली की चपेट में आने से शंकरपुर निवासी रंजीत पुत्र हीरालाल (22), फरेदहापुरवा निवासी अमित पाल पुत्र विनोद पाल (17) की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं एनएच 730 पर नकहा से भदफर जाने वाले मार्ग पर ट्रैक्टर मिस्त्री युनुस निवासी निजामपुर थाना खीरी की सड़क हादसे में मौत हो गई।
कार में ट्रक की साइड लगने पर हंगामा
महेवागंज। सोमवार देर शाम कस्बे के दुबग्गा तिराहे के पास ट्रक की टक्कर से मामूली रूप से कार क्षतिग्रस्त हो गई। चालक ने ट्रक मौके पर नहीं रोका। सैधरी बाईपास के पास कुछ लोगो ने ट्रक को रोक लिया। पीछे से कार सवार भी आ धमके। बीच हाइवे बखेड़ा शुरू हो गया। भदफर निवासी ट्रक चालक रितेश का आरोप है कि कार सवार और उनके साथियों ने ट्रक से उसे जबरन नीचे उतारा और पिटाई कर कपड़े फाड़ दिए। हंगामा की सूचना पर सेठ घाट चौकी पुलिस मौके पर पहुंची। इस बीच काफी भीड़ लग गई। पुलिस ने बताया कि दोनों पक्ष मामला सुलटाने में लगे है। जांच की जा रही है। अगर तहरीर मिलती है तो कार्रवाई की जाएगी। संवाद