लखीमपुर खीरी। सदर कोतवाली क्षेत्र के एक मोहल्ला निवासी युवती को एक युवक जिंदा जलाने औैर गोली मारकर हत्या करने की धमकी दे रहा है। आरोपी युवक उससे शादी करने का दबाव बनाने के लिए फर्जी आईडी का प्रयोग कर रहा है।
पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज करते हुए जांच शुरू कर दी है। आरोपी दूसरे समुदाय का बताया जा रहा है। पुलिस को दी गई तहरीर में पीड़िता ने बताया कि उसकी मोहल्ला बक्सा मार्केट निवासी दिलशाद से दोस्ती हो गई थी। आरोपी वर्तमान समय में बक्शी का तालाब लखनऊ में रह रहा है।
आरोप है कि आरोपी अलग-अलग नंबरों से उसे परेशान करने के अलावा उसे गालियां दे रहा है। इतना ही नहीं दिलशाद इंस्टाग्राम पर फर्जी आईडी बनाकर उसके अश्लील फोटो पोस्ट कर रहा है।
आरोपी पीड़िता पर जबरन शादी करने का दबाव बना रहा है। विरोध करने पर आरोपी जिंदा जलाने के अलावा गोली मारकर हत्या करने की धमकी दे रहा है। पीड़िता का कहना था कि करीब दो साल पहले मेरी पायल, अंगूठी, चेन और 5000 रुपये नकद दिलशाद ने अपने पिता के इलाज के लिए मांगे थे, वह भी नहीं लौटाए।