लखीमपुर खीरी। पढ़ाई के मामले में छात्राें से छात्राएं अग्रणी रहती हैं, लेकिन इस बार के परीक्षा परिणाम छात्रों ने बाजी मारते हुए छात्राओं को पीछे छोड़ दिया। टाॅपरों की सूची की बात करें तो इस बार 10वीं के टाॅप टेन में विभिन्न स्कूलों में नौ छात्र शामिल हैं, वहीं इसमें महज तीन छात्राओं ने ही स्थान पाया है।
12वीं में जहां एक ओर 12 छात्र सूचीबद्ध हैं, वहीं इस सूची में एक तिहाई यानी चार छात्राएं ही जगह बना पाईं। हालांकि, छात्राओं का कहना था कि उन्होंने तैयारी तो अच्छी की थी, लेकिन कहीं न कहीं कोई कमी जरूर रही होगी।
10वीं की सूची में पलियाकलां के सेंट एन कॉलेज की छात्रा सानवी वर्मा, लखनऊ पब्लिक स्कूल की यशिका वर्मा व अनन्या कटियार शामिल हैं। वहीं 12वीं की टॉप टेन सूची में लखनऊ पब्लिक स्कूल-साक्षी राज, लखनऊ पब्लिक स्कूल की ही मानसी वर्मा, दिव्यांशी कंसल व श्रेष्ठा बाजपेई शामिल हैं।
सबसे ज्यादा लखनऊ पब्लिक स्कूल की छात्राएं
प्रधानाचार्य विजय सचदेवा ने बताया कि स्कूल में सभी पर बराबर ध्यान दिया जाता है। इस बार जिले के टाॅपरों की सूची में सबसे ज्यादा छात्राएं हमारे विद्यालय की हैं। परीक्षा से पहले ही सभी को अतिरिक्त कक्षाओं में पढ़ाने के साथ ही सोशल मीडिया से दूरी बनाने, इंटरनेट पर अच्छी और जागरूक परक पढा़ई पर जोर दिया जाता है।