लखीमपुर खीरी में बेहजम पुलिस चौकी की नाक के नीचे चोरों ने धावा बोलकर बड़ी चोरी कर ली। चोर लोहे की रॉड से शटर उठाकर पुलिस चौकी से सौ मीटर की दूरी पर कपड़े की दुकान से डेढ़ लाख रुपये की साड़ियां, नकदी आदि सामान चोरी कर ले गए। साड़ियों के डिब्बे नजदीक के खाली प्लॉट पर छोड़ गए। रविवार सुबह घटना की जानकारी पर पुलिस ने जांच शुरू की। दुकानदार पुलिस की गश्त पर सवाल उठ रहे हैं।
पत्थरा निवासी सुभाष की बेहजम में किराये पर साड़ी की दुकान है। शनिवार रात चोरों ने सेंधमारी करते हुए दुकान में चोरी कर ली। रविवार सुबह दुकानों के मालिक सतीश मिश्रा ने दुकान का शटर उठा देखा तो चोरी का शक का हुआ। खाली प्लाट में साड़ियों के खाली डिब्बे भी पड़े थे। सूचना पर राज क्लाथ स्टोर के मालिक सुभाष भी मौके पर पहुंच गए। देखा तो दुकान के अंदर से साड़ियों सहित नकदी गायब थी। सूचना मिलने पर बेहजम पुलिस चौकी से सिपाही भी जांच करने पहुंचे।
पीड़ित सुभाष ने बताया कि करीब डेढ़ लाख का कपड़ा चोरी हुआ है। नकदी भी कई हजार थी। बताया कि मकान मालिक ने सुबह 5.30 बजे फोन कर घटना की जानकारी दी थी। पास में ही लोहे की राड पड़ी थी, जिससे शटर उठाकर चोर अंदर घुसे थे।
बेहजम चौकी इंचार्ज प्रभात कुमार गुप्ता ने बताया कि चोरी संदिग्ध मालूम हो रही है। आसपास के कैमरे की फुटेज को देखा है, कहीं कुछ नहीं दिखाई दिया। आसपास के लोगों का कहना है कि दुकान ठीक से चलती नहीं थी। कोई भी तहरीर नहीं मिली है। वहीं, नीमगांव थाना की प्रभारी श्रद्धा सिंह ने बताया कि चोरी की घटना की मुझे कोई जानकारी नहीं है।