लखीमपुर खीरी। शहर में चोरी की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। ताजा मामला सदर तहसील में तैनात महिला लेखपाल निधि कश्यप के किराये के मकान का है। चोर ताला तोड़कर नकदी और सोने-हीरे के आभूषण चोरी कर ले गए। घटना के समय महिला लेखपाल अपने घर गोला गई हुई थीं। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौके का निरीक्षण कर रिपोर्ट दर्ज करते हुए जांच शुरू कर दी है।
गोला निवासी निधि कश्यप करीब 10 दिन पहले स्थानांतरित होकर सदर तहसील आई थीं और पटेल नगर में किराये के मकान में रह रही थीं। सोमवार को वह मकान बंद कर गोला चली गई थीं। लौटने पर मुख्य दरवाजे और अलमारी के ताले टूटे मिले तथा सामान बिखरा पड़ा था।
चोर एक से अधिक सोने की चेन, डायमंड पेंडेंट, कान के टॉप्स, अंगूठी, मंगलसूत्र, दो जोड़ी पायल और 25 हजार रुपये नकद चोरी कर ले गए। प्रभारी निरीक्षक राजेश कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और अन्य साक्ष्य जुटाकर आरोपियों की तलाश की जा रही है। संवाद
-
दस हजार की नकदी और एलसीडी चोरी
फरधान। क्षेत्र के गांव गूंगेपुर हिंडोलना में मंगलवार रात चोरों ने एक घर को निशाना बनाया। बरामदे में लगी एलसीडी उखाड़ने के बाद चोर कमरे में घुसे और 10 हजार रुपये की नकदी, दस्तावेजों वाला पर्स समेत अन्य सामान चोरी कर ले गए।
गूंगेपुर हिंडोलना निवासी जयकरन लाल ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि चोर बरामदे में लगी एलसीडी उखाड़ ले गए। पास के कमरे का दरवाजा खुला था। अंदर जाकर देखा तो सामान बिखरा पड़ा था। चोर अलमारी और बक्से खंगालकर करीब 10 हजार रुपये नकद तथा पैंट की जेब में रखा पर्स भी ले गए, जिसमें जरूरी दस्तावेज थे। सूचना पर डायल 112 पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। थाना प्रभारी निराला तिवारी ने बताया कि तहरीर मिली है। मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। जल्द ही चोरों का सुराग लगाकर घटना का खुलासा किया जाएगा। संवाद