अब 1167 पंचायतों के किसान करा सकेंगे गन्ने का बीमा
मुश्किल: 30 जुलाई तक ही आवेदन का समय
गन्ने की फसल का बीमा कराने के लिए जारी सूची में 733 ग्राम पंचायतों को शामिल न किए जाने के मामले में अफसरों ने भूल सुधार किया है। अब सभी 1167 ग्राम पंचायतों के गन्ना किसान बीमा करा सकेंगे। देर से बदले गए फैसले से किसानों के लिए मुश्किलें कम नहीं होने वाली हैं, क्योंकि 30 जुलाई तक ही किसान बीमा के लिए आवेदन कर सकेंगे। हालांकि कृषि सांख्यिकी एवं फसल बीमा के निदेशक ने बीमा कंपनी को ब्लाक स्तर पर कैंप लगाने के निर्देश दिए हैं, लेकिन गुरुवार को किसी ब्लाक में कैंप नहीं लगाया जा सका।
बता दें कि प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत जिले की 1167 ग्राम पंचायतों में से सिर्फ 434 ग्राम पंचायतों को ही गन्ने का बीमा कराने के लिए अधिसूचित किया गया था। इससे तीन लाख से अधिक गन्ना किसान बीमा कराने से वंचित हो रहे थे। इसे संज्ञान में लेते हुए बैंक अधिकारियों और कृषि अधिकारियों ने गन्ना विभाग के अधिकारियों को प्रकरण से अवगत कराया था। इसके बाद जिला गन्ना अधिकारी जगदीश चंद्र यादव ने गन्ना आयुक्त को पत्र लिखकर छूटी 733 ग्राम पंचायतों को भी बीमा योजना में अधिसूचित करने की मांग की थी। गन्ना आयुक्त ने इसे गंभीरता से लेते हुए छूटी ग्राम पंचायतों को अधिसूचित करने की मांग की थी, जिस पर कृषि सांख्यिकी एवं फसल बीमा के निदेशक विनोद कुमार ने लखीमपुर की सभी ग्राम पंचायतों को बीमा योजना में शामिल करते हुए आदेश जारी कर दिया है। जिला गन्ना अधिकारी ने बताया कि बीमा कंपनी को ब्लाक स्तर पर कैंप लगाने के निर्देश दिए गए हैं।