शहर के आगा साहब चौराहे पर लगा ट्रांसफार्मर फिर फुंक गया है जिससे दिनभर सैकड़ों घरों की बिजली गुल रही। बिजली कर्मियों ने ट्रांसफार्मर ठीक करने का प्रयास किया लेकिन कई घंटे बाद भी ट्रांसफार्मर ठीक नहीं हो पाया।
नई बस्ती उपकेंद्र से जुड़े आगा साहब चौराहे के पास 250 केवीए का ट्रांसफार्मर लगा है इससे दो सौ से अधिक घरों की बिजली सप्लाई जुड़ी हुई है। गुरुवार की सुबह अचानक ट्रांसफार्मर में आग लग गई और लीड खराब हो गई जिससे वह फुंक गया। ट्रांसफार्मर फुंकने के बाद रोस्टरिंग शुरू हो गई। 11 बजे बिजली आई तो ट्रांसफार्मर की खराबी की वजह से लोगों को बिजली नहीं मिल पाई। इसके बाद दोपहर तीन बजे फिर रोस्टरिंग लागू हो गई जिससे आगासाहब चौराहे के ट्रांसफार्मर से जुड़े लोगों को दिनभर बिजली नहीं मिल पाई। बता दें कि आए दिन यहां ट्रांसफार्मर फुंकता है, जिससे लोगों को गर्मी में परेशानियों से जूझना पड़ता है। इस बाबत नई बस्ती के जेई मनोज पुष्कर का कहना है कि ट्रांसफार्मर पर लोड बढ़ता जा रहा है। जिससे बार-बार ट्रांसफार्मर फुं क रहा है। प्रयास किया जा रहा है कि बिजली व्यवस्था दुरुस्त कराई जा सके।