मैगलगंज। क्षेत्र में चोरी की वारदातें लगातार बढ़ रही हैं। चोर घरों के साथ खेतों में लगे मोटर पंप, बाइक और मोबाइल तक निशाना बना रहे हैं। अब बिजली के 400 केवी ट्रांसफाॅर्मर से तेल चोरी होने की घटना भी सामने आई है।
लगातार हो रही वारदातों से पुलिस गश्त पर सवाल उठ रहे हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि कई मामलों में पुलिस ने सिर्फ तहरीर लेकर कार्रवाई तक सीमित कर दी। उन्होंने रात में प्रभावी गश्त, संदिग्ध लोगों की निगरानी और चोरी की घटनाओं के जल्द खुलासे की मांग की है। संवाद
-
एक ही रात तीन किसानों के मोटर पंप चोरी
इच्छानापुर में 19 सितंबर की रात चोरों ने एक ही रात में तीन किसानों के खेतों से मोटर पंप चोरी कर लिए। किसानों ने पुलिस को तहरीर दी। इसके बाद भी कार्रवाई को लेकर सवाल उठ रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि खेतों की ओर रात में पुलिस की गश्त प्रभावी नहीं है।
खेत से मोटर पंप ले गए चोर
सेमरा नारायणपुर में नरेश के खेत से भी मोटर पंप चोरी हो गया। घटना के बाद किसान और ग्रामीण रात की गश्त को लेकर सवाल उठा रहे हैं। उनका कहना है कि खेतों में लगातार चोरी की घटनाएं हो रही हैं, लेकिन प्रभावी निगरानी नहीं हो पा रही है।
बाइक और मोबाइल भी नहीं बचे
भूड़ गांव में चोरों ने सौरभ की स्प्लेंडर प्लस बाइक, सुनील के दो मोबाइल फोन और सरोज की डैनुमा टॉर्च-चार्जर चोरी कर लिया। अलग-अलग सामान चोरी होने से गांव में भी चोरी की घटनाओं को लेकर लोगों में चिंता बढ़ गई है।
बंद मकान में चोरी का प्रयास
रामनगर में गुरुवार रात बंद मकान में चोरी का प्रयास किया गया। आहट होने पर आसपास के लोगों ने शोर मचाया। इस पर चोर अंधेरे का फायदा उठाकर भाग गया। ग्रामीणों के पहुंचने तक वह मौके से निकल चुका था। शोर के कारण मकान में चोरी होने से बच गई।
अब ट्रांसफार्मर का तेल भी निशाने पर
चोरों ने मैगलगंज एसबीआई के पास लगे 400 केवी ट्रांसफार्मर को भी निशाना बनाया। चोर उसका पूरा तेल निकाल ले गए। दो दिन बाद आंधी-बारिश के दौरान बिजली आपूर्ति बाधित हुई। 26 सितंबर को आपूर्ति बहाल की गई। दोनों फ्यूज उड़ने के बाद जांच की गई तो ट्रांसफार्मर का तेल चोरी होने की जानकारी हुई। एसडीओ अमित कुमार ने मामले की शिकायत पुलिस से की है।
चोरी की घटनाओं के खुलासे को लेकर टीमें लगी हैं। पुलिस लगातार गश्त भी कर रही है। नेशनल हाईवे के आसपास रहने वाले लोगों का सत्यापन कराया जा रहा है। जल्द ही चोरी की घटनाओं का खुलासा किया जाएगा।
-यदुवेंद्र यादव, सीओ मितौली