मैगलगंज। कोतवाली क्षेत्र के मढ़िया घाट स्थित पारसनाथ शिव मंदिर में दर्शन करने जा रहे दो युवकों के साथ खनन करने वालों ने मारपीट और लूटपाट की। पीड़ितों का आरोप है कि पुलिस ने पूरे मामले को दबाकर केवल साधारण मारपीट का मुकदमा दर्ज किया है। पीड़ितों ने एसपी से शिकायत की है।
महोली थाना क्षेत्र के गांव नेरी निवासी राहुल सिंह व उनके मित्र अनिरुद्ध मिश्र 10 सितंबर को पारसनाथ शिव मंदिर दर्शन के लिए बाइक से मढ़िया घाट जा रहे थे। जैसे ही उनकी बाइक मढ़िया मार्ग पर बेहड़ा जोरावर गांव के पास पहुंची, एक मिट्टी भरी ट्राॅली अचानक बेहड़ा भूड़ की तरफ मोड़ दी। टक्कर लगने से दोनों युवक घायल हो गए और ट्रैक्टर चालक से कहासुनी हो गई।
इसके बाद दोनों युवक मंदिर दर्शन कर लौट रहे थे तो वहीं पर पहले से मौजूद रोहित, ललित और उनके साथियों ने उन्हें घेर लिया। आरोप है मारा-पीटा फिर जबरन गाड़ी में बैठाकर खनन स्थल ले जाया गया। वहां दोबारा मारपीट कर उनकी बाइक तोड़ी गई और करीब 10,000 रुपये नकद तथा मोबाइल छीन लिए गए। पीड़ितों ने मैगलगंज कोतवाली में तहरीर देकर न्याय की गुहार लगाई, लेकिन आरोप है कि पुलिस ने पूरे प्रकरण को दबाकर केवल लड़ाई-झगड़े का मुकदमा दर्ज किया।
पुलिस की भूमिका से आहत पीड़ितों ने अब एसपी को प्रार्थना पत्र देकर पूरे मामले की जांच कर कार्रवाई की गुहार लगाई है। मैगलगंज कोतवाली प्रभारी रविंद्र कुमार पांडे ने बताया, जैसे पीड़ितों के द्वारा तहरीर दी गई है उसी के आधार पर मुकदमा दर्ज किया गया है। बाकी आरोप निराधार हैं।