निघासन। ढखेरवा रोड पर जिंदबाबा मजार के पास 12 फरवरी की शाम दो बाइकों की आमने-सामने हुई भिड़ंत में घायल युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई। युवक को पहले सीएचसी निघासन से जिला अस्पताल रेफर किया गया था, जहां हालत बिगड़ने पर उसे लखनऊ भेजा गया था। वहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना के बाद से परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
खैरीगढ़ निवासी 21 वर्षीय राही अपने साथी आकाश के साथ बाइक से निघासन रोड स्थित पेट्रोल पंप पर डीजल लेने जा रहा था। उसी दौरान जिंदबाबा मजार के पास सामने से आ रहे रकेहटी निवासी राहुल ठठेर की बाइक से उनकी जोरदार टक्कर हो गई थी। हादसे में तीनों युवक घायल हो गए थे। राहगीरों की मदद से उन्हें सीएचसी निघासन पहुंचाया गया था, जहां प्राथमिक उपचार के बाद राहुल और राही की हालत गंभीर देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया था। बाद में राही को बेहतर इलाज के लिए लखनऊ भेजा गया, जहां उसने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
पिता चन्नूलाल ने बताया कि वह मजदूरी करते हैं। राही परिवार में सबसे बड़ा था और मेहनत मजदूरी कर घर का खर्च चलाता था। उसके ऊपर ही 18 वर्षीय छोटे भाई छोटू और 15 वर्षीय बहन मीनाक्षी सहित पूरे परिवार की जिम्मेदारी थी। बेटे की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
उधर, घटना की सूचना मिलते ही गांव और रिश्तेदारी में शोक की लहर दौड़ गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस का कहना है कि दुर्घटना के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है। आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।