दुधवा जंगल के वाटर होल में टैंकर के जरिए भरा जा रहा पानी।
बांकेगंज। भीषण गर्मी को देखते हुए दुधवा टाइगर रिजर्व के कोरजोन और बफरजोन जंगलों में बने कच्चे और पक्के वाटर होल्स में पानी भरने का काम शुरू हो गया है। दुधवा समेत किशनपुर सेंक्चुरी, मैलानी, सोनारीपुर आदि रेंजों में वन विभाग के टैंकरों और पंपिंगसेट के जरिए पानी भरा जा रहा है।
जंगल में सूखे पड़े कच्चे और पक्के वाटर होल्स में पानी भरने से अब दुधवा टाइगर रिजर्व के वन्यजीवों को प्यास लगने पर इधर-उधर भटकना नहीं पड़ेगा। पिछले दिनों दुधवा टाइगर रिजर्व के एफडी संजय पाठक की अध्यक्षता में हुई बैठक में जंगल के वाटर होल्स में पानी भरने की रणनीति तय की गई थी। इसी के तहत बुधवार को दुधवा टाइगर रिजर्व समेत बफरजोन के कई कच्चे-पक्के वाटर होल्स में टैंकरों और पंपिंग सेटों के जरिए पानी भर दिया गया है। पानी भरने के बाद इन वाटर होल्स पर फिर से वन्यजीवों की आमद शुरू हो गई है। एफडी संजय पाठक ने बताया कि वाटर होल्स में पानी भरने का अभियान लगातार जारी रहेगा।