नहीं पसीजे डॉक्टर, रात भर प्रसव पीड़ा से तड़पती रही प्रसूता
परिवारीजनों ने स्टाफ नर्स पर लगाया पैसे लेने का आरोप
सीएचसी में गुरुवार शाम लगभग सात बजे सुरक्षित प्रसव कराने आई युवती के बच्चे की शुक्रवार सवेरे आठ बजे गर्भ में मृत्यु हो गई। रात भर प्रसव पीड़ा से तड़पती युवती के मृत बच्चा पैदा होने पर गुस्साए परिवारजनों ने डॉक्टर और स्टाफ नर्स पर प्रसूता के इलाज और देखभाल में लापरवाही बरतने का आरोप लगाते हुए हंगामा करते हुए प्रदर्शन किया। साथ ही स्टाफ नर्स पर रिश्वत मांगने का आरोप लगाया।
निकटवर्ती गांव कुकरा निवासी रोशनी को प्रसव पीड़ा होने पर बांकेगंज सीएचसी लाया गया। युवती के पति विपिन ने आरोप लगाया कि ड्यूटी पर मौजूद स्टाफ नर्स ने पैसे भी लिए और बाहर से दवा मंगाकर इंजेक्शन लगाया। इसके बाद डिलीवरी रूम के बगल में बने कमरे में आराम करने चली गई। इलाज और देखभाल के अभाव में शुक्रवार सवेरे सात बजे रोशनी ने मृत बच्चे को जन्म दिया। इस पर गुस्साए परिवारीजनों बीडीसी मेंबर शैलेश, अयोघ्या प्रसाद, किशन, राजेश, राजेश्वरी, सरोजनी, नीलम देवी, फूलमती, सियापती, अनिल आदि केे साथ सीएचसी कंपाउंड में हंगामा किया। ग्रामीणों ने इलाज में लापरवाही बरतने के आरोपी डॉक्टर और आरोपी स्टाफ नर्स के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। साथ ही कार्रवाई न होने पर धरना-प्रदर्शन की चेतावनी दी। उधर इस बाबत सीएमओ डॉ अरुण कुमार ने बताया कि मामला संज्ञान में आया है, जांच के बाद आरोपियों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जाएगी।