बांकेगंज। दुधवा में छोड़ी गई बरौंछा की बाघिन की लोकेशन बफरजोन पलिया रेंज जंगल के बाहर मिलने पर दुधवा टाइगर रिजर्व प्रशासन अलर्ट मोड पर आ गया है। इसको लेकर हरकत में आए वन विभाग सेटेलाइट के जरिए उसकी गतिविधियों पर लगातार नजर रख रहा है।
मैलानी और गोला रेंज सीमा पर बरौंछा नाला क्षेत्र में सक्रिय हमलावर बाघिन को दुधवा जंगल में छोड़ने से पहले गले में रेडियो कॉलर लगाकर गतिविधियों पर लगातार सेटेलाइट से नजर रखी जा रही थी। दो दिन पहले कॉलर से लोकेशन बफरजोन पलिया रेंज से सटे कंपनी फार्म व देबीपुर गांव के गन्ने के खेतों में मिलने से टाइगर रिजर्व प्रशासन में हड़कंप मच गया।
निगरानी टीमों ने इसकी सूचना डीटीआर के एफडी डॉ. एच राजामोहन और डीडी दुधवा जगदीश आर को दी। इस पर दोनों अधिकारियों ने निगरानी टीमों से उसकी गतिविधियों पर कड़ी नजर रखने के निर्देश दिए।
डीटीआर के एफडी डॉ. एच राजामोहन ने बताया कि बाघिन को पकड़ने के लिए दो पिंजरे के अलावा लोकेशन ट्रेस करने के लिए गन्ने के खेत के आसपास छह कैमरे लगाए गए हैं। साथ ही सेटेलाइट के माध्यम से गले में लगे कॉलर से लगातार नजर रखी जा रही है। कॉलर के जरिए सेटेलाइट से जुड़ा वेरी हाई फ्रीक्वेसी (vhf ) एंटीना के अलावा जीपीएस के माध्यम से लगातार निगरानी की जा रही है। बाघिन यदि 500 मीटर की दूरी पर है तो एंटीना से जुड़ा रिसीवर निगरानी टीमों के मोबाइल फोन पर दो-दो घंटे के अंतराल में तेज आवाज के साथ इसकी जानकारी देगा। बाघिन को जल्द ही फिर पकड़ा जाएगा।
बाग में चहलकदमी करता दिखा बाघ
ममरी। हैदराबाद थाना क्षेत्र के गांव रोशननगर में आबादी के समीप एक बाघ को बाग में घूमते देखा गया। ग्रामीणों के शोर मचाने पर बाघ गन्ने के खेत में घुसकर दक्षिण दिशा में चला गया। सूचना पर पहुंचे वनरक्षक अभिषेक वर्मा ने भी बाघ के मौजूद होने की पुष्टि करते हुए गांव वालों को सतर्क रहने की सलाह दी। संवाद
बछड़े को खींच ले गया जंगली जानवर
महेवागंज। वन रेंज शारदा नगर के बसहा माफी गांव में बृहस्पतिवार रात जंगली जानवर ने बछड़े का शिकार किया। सुबह में अधखाया शव खेत में मिला। पगचिह्न देख दहशत फैल गई है। गांव निवासी विवेकानंद मौर्या ने बताया कि घर के बाहर बछड़ा बंधा था। ग्रामीणों ने पगचिह्न से बाघ या तेंदुआ होने की आशंका व्यक्त की है। मौका मुआयना कर वन कर्मियों ने ग्रामीणों को खेतों में अकेले न जाने की सलाह दी है। संवाद
जंगली जानवर ने बछड़े का किया शिकार
मितौली। क्षेत्र के आलपुर गांव के पास खेतों में जंगली जानवर ने छुट्टा बछड़े का शिकार किया है। गन्ने के खेत में बछड़े का शव मिलने से क्षेत्र में दहशत का माहौल है। वन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंच कर लोगों को सचेत रहने की सलाह दी है। मौके पर पहुंचे वनरक्षक अफजाल हुसैन ने बताया कि गन्ने के खेत में मिले शिकार के अवशेष ताजे लग रहे हैं। इसको देखते हुए ग्रामीणों से सावधानी बरतने की अपील की गई है। संवाद
तेंदुए ने भेड़ को बनाया शिकार
निघासन। सिंगाही थाना क्षेत्र के गांव फरदहिया के खेत में शुक्रवार को घास चर रही भेड़ पर तेंदुए ने हमला कर दिया। चश्मदीदों के मुताबिक, तेंदुआ खेत में अचानक आया और भेड़ पर हमला कर दिया। चरवाहे के शोर करने पर ग्रामीण एकत्र हो गए। भीड़ देखकर तेंदुआ मौके से भाग गया लेकिन भेड़ की जान चली गई। संवाद
बरौंछा की बाघिन की सैटेलाइट से निगरानी करते वनाधिकारी। स्रोत : वन विभाग।