बांकेगंज। बरौंछा क्षेत्र में सक्रिय बाघिन बृहस्पतिवार रात पांच किलोमीटर दूरी बांकेगंज के पास अमीन नगर के खेतों में पहुंच गई। वहां घूम रहे एक कुत्ते पर हमला कर उसे मार डाला। उसे खींचकर गन्ने के खेत में ले जाकर निवाला बनाया। मौके पर पहुंची वन विभाग की टीम ने खेतों में पगचिह्न देखकर बाघिन की मौजूदगी की पुष्टि की है।
मैलानी और गोला रेंज की सीमा पर बरौंछा नाला क्षेत्र में पिछले चार माह के अधिक समय से बाघिन सक्रिय है। आबादी के पास गन्ने के खेतों में डेरा जमाए बाघिन का लगातार आबादी की ओर रुख देख वन विभाग ने उसे पकड़ने के लिए 25 जून को अनुमति ली थी, लेकिन एक माह बाद भी वन विभाग उसे पकड़ नहीं सका है। वह ठिकाना बदलकर निगरानी टीमों को चकमा देकर 10 किलोमीटर के दायरे में चहलकदमी करती देखी जा रही है।
इस बीच बाघिन ने एक बालक को मारने के साथ पालतू पशुओं पर ताबड़तोड़ हमले किए। इससे ग्रामीणों के साथ विभागीय अफसरों और निगरानी टीमों की नींद उड़ी हुई है। उधर शुक्रवार को बरौंछा नाला क्षेत्र में विशेषज्ञों की टीम ने बाघिन की तलाश के लिए थर्मल ड्रोन उड़ाया, लेकिन उसका पता नहीं चला।
वर्जन
खेतों में पानी भरा होने और लगातार ठिकाना बदलने के कारण बाघिन की सटीक लोकेशन मिलने में दिक्कत आ रही है। उसे पकड़ने का अभियान लगातार जारी है।
- संजय बिश्वाल, डीएफओ, साउथ खीरी