लखीमपुर खीरी। कोरोना संक्रमण के बढ़ते दायरे के मध्य कानपुर विश्वविद्यालय की परीक्षाएं होंगी। इसके लिए विश्वविद्यालय प्रशासन ने परीक्षा कार्यक्रम भी घोषित कर दिया है। परीक्षा आठ सितंबर से शुरू होकर 10 अक्तूबर तक तीन पालियों में होगीं।
युवराज दत्त महाविद्यालय के चीफ प्रॉक्टर डॉ. सुभाष चंद्रा ने बताया कि स्नातक और परास्नातक अंतिम वर्ष की परीक्षाओं के लिए विश्वविद्यालय ने कार्यक्रम घोषित कर दिया है। परीक्षा आठ सितंबर से दस अक्तूबर तक चलेंगी। बीए, बीएससी, बीकॉम एवं एमए, एमकॉम और एमएससी अंतिम वर्ष के पेपर तीन पालियों में होंगे। उन्होंने बताया कि छात्र छात्राएं वेबसाइट कानपुरयूनिवर्सिटीडॉटओआरजी पर परीक्षा कार्यक्रम देख सकते हैं। परीक्षा तीन पालियों में होगी, जिसमें पहली पाली सुबह सात से दस, दूसरी 11 से दो और तीसरी पाली के पेपर शाम तीन से छह बजे तक होंगे। चीफ प्रॉक्टर ने बताया कि परीक्षा में करीब तीन हजार छात्र छात्राएं शामिल होंगे।
कोविड गाइड लाइन का पालन कराना होगा मुश्किल
जिस तरह से जिले में संक्रमितों की संख्या बढ़ रही है। ऐसे में परीक्षा के दौरान कोविड गाइड लाइन पालन कराना बेहद जरूरी होगा, लेकिन छात्रों की संख्या और दोनों पालियों के बीच मात्र एक घंटे का समय होने से कोरोना गाइड का पालन करा पाना कॉलेज प्रशासन के लिए आसान नहीं होगा। हालांकि प्राचार्य का दावा है कि परीक्षा के दौरान कोविड गाइड लाइन पालन किया और कराया जाएगा। मगर, दोनों पालियों के बीच एक घंटे के समय में कमरों को सैनिटाइज कराना, छात्रों की चेकिंग उनका तापमान आदि चेक करना कॉलेज प्रशासन के लिए आसान नहीं होगा।
आठ से शुरू होगी राजर्षि टंडन मुक्त विश्वविद्यालय की परीक्षा
वाईडी कॉलेज प्राचार्य डॉ. देवकीनंदन मालपानी ने बताया कि राजर्षि टंडन मुक्त विश्वविद्यालय की परीक्षाएं भी आठ सितंबर से प्रारंभ हो रही हैं। इसकी नोटिस सूचना बोर्ड पर चस्पा है। प्राचार्य ने बताया कि आठ से 16 सिंतबर के बीच परीक्षा तीन पालियों में और 17 सिंतबर से नौ अक्तूबर के बीच परीक्षा सुबह नौ से 12 और दोपहर दो से पांच बजे के बीच होगी। उन्होंने बताया परीक्षा संबंधी जानकारी विश्वविद्यालय की वेबसाइट यूपीआरटीओयूडॉटएसीडॅाटइन पर उपलब्ध है।