संपूर्णानगर के गांधीनगर में बाघ की सूचना पर पहुंची टीम। संवाद
संपूर्णानगर। संपूर्णानगर वन रेंज के तहत पड़ोसी थाना हजारा के मोरनिया गांधीनगर में घर पर बंधे एक पड्डे को बाघ खेत में खींच ले गया। घंटों इंतजार के बाद वनकर्मी मौके पर पहुंचे और जाल समेत पिंजड़ा आदि लगाने का कार्य किया।
थाना हजारा के मोरनिया गांधीनगर निवासी रवि प्रताप ने बताया कि शनिवार की शाम घर में पड्डा बंधा था। रात लगभग तीन बजे पड्डे के चिल्लाने की आवाज आई। जब वह बाहर आया तो पड्डा नहीं दिखा। शोर गुल करने के बाद आसपास के लोग एकत्र हो गए और गन्ने के खेत की तरफ गए, जहां बाघ के पगचिह्न मिले। सूचना वन विभाग को दी गई।
ग्रामीण रुद्र प्रताप सिंह ने बताया कि तीन बजे की घटना है। सूचना के पांच घंटे बाद भी कोई वनकर्मी नहीं पहुंचा। सुबह नौ बजे वन विभाग की टीम पहुंची। टीम के पास न तो ड्रोन कैमरा था और न ही पिंजड़ा व अन्य संसाधन। ग्रामीणों का कहना है कि पांच दिन पहले भी बाघ दिखा था और सूचना वन विभाग को दी गई थी, लेकिन कोई मुस्तैदी व कार्रवाई नहीं की गई।
इसको लेकर संपूर्णानगर के वन दरोगा पुष्पक सिंह ने बताया कि सूचना मिलने पर वह टीम के साथ गए थे। पगचिह्न देखने के बाद बाघ की पुष्टि हुई है। पड्डे को बाघ गन्ने के खेत में ले गया है। वहीं पिंजड़ा और ट्रैंकुलाइज करने के लिए अधिकारियों को अवगत कराया गया है।
रेंजर अनिल कुमार ने बताया कि सूचना पर टीम गई थी। बाघ के पगचिह्न मिले हैं। मझगईं डिवीजन से जाली वाला ट्रैक्टर मंगाया गया है, उसके आते ही खेत में जाकर पड्डे के शव को बरामद कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
संपूर्णानगर के गांधीनगर में बाघ की सूचना पर पहुंची टीम। संवाद