गोला कॉरिडोर परिसर में सावन की तैयारी का निरीक्षण करते एसडीएम और व अन्य अधिकारी। संवाद
गोला गोकर्णनाथ। सावन में पौराणिक शिव मंदिर में भगवान भोलेनाथ के सुगम दर्शन के लिए प्रशासन ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। स्थानीय अधिकारियों ने पार्किंग स्थलों, मंदिर जाने वाले मार्गों और कॉरिडोर परिसर के अंदर की व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
एसडीएम युगांतर त्रिपाठी, सीओ महक शर्मा समेत स्थानीय अधिकारियों ने तैयारियों की समीक्षा की। एसडीएम ने बताया कि पार्किंग स्थलों को देखा गया है। कॉरिडोर के मुख्य द्वार से परिक्रमा स्थल तक श्रद्धालुओं के लिए चार दीर्घाएं रहेंगी। गर्भगृह के मुख्य द्वार, परिक्रमा पथ समेत कई स्थानों पर गर्भगृह के अंदर पूजन के लाइव प्रसारण के लिए स्क्रीन लगाने की योजना है। सावन के दौरान कॉरिडोर का निर्माण कार्य बंद रहेगा। सभी तैयारियां 25 जुलाई तक पूरी कर ली जाएंगी।
मंदिर के कपाट खुलने और बंद होने का समय विचार-विमर्श के बाद तय होगा। सावन में रविवार और सोमवार को श्रद्धालुओं की भीड़ अधिक रहती है। इन दो दिनों में गर्भगृह में प्रवेश और बाहर से जलाभिषेक की व्यवस्था के साथ पौराणिक शिव मंदिर के कपाट खुलने व बंद होने का समय मंदिर कमेटी से विचार-विमर्श के बाद तय किया जाएगा।
-
सावन की प्रमुख तिथियां
पहला सोमवार - 3 अगस्त
दूसरा सोमवार - 10 अगस्त
अमावस्या - 12 अगस्त
हरियाली तीज - 15 अगस्त
तीसरा सोमवार एवं नाग पंचमी - 17 अगस्त
चौथा एवं अंतिम सोमवार व भूतनाथ मेला - 24 अगस्त
इन तिथियों पर सामान्य दिनों की अपेक्षा श्रद्धालुओं की भीड़ अधिक रहती है।