जिला और क्षेत्र पंचायत के बाद नए सिरे से कराए गए संवेदनशीलता की सर्वे रिपोर्ट आ गई है। जिसके बाद प्रधानी चुनाव को लेकर जिले के मतदान केंद्रों की संवेदनशीलता तय कर दी गई है।
प्रशासन द्वारा जारी किए गए आंकड़े के मुताबिक 1448 मतदान केंद्रों में 347 केंद्र अति संवेदनशील और 198 केंद्र अति संवेदनशील प्लस की श्रेणी वाले पाए गए हैं। वहीं 251 मतदान केंद्रों को संवेदनशील की श्रेणी में रखा गया है। सर्वे के रिपोर्ट के मुताबिक मोहम्मदी, पसगवां, बिजुआ और रमियाबेहड़ के मतदान केंद्रों को ज्यादा संवेदनशील कहा गया है। साथ ही अधिकारियों ने इन मतदान केंद्रों के अंतर्गत आने वाले गांवों पर नजर रखनी शुरू कर दी है। जिले में 652 ऐसे मतदान केंद्र भी हैं, जो सामान्य श्रेणी वाले हैं।
सज कर तैयार हो गया चुनावी रण
लखीमपुर खीरी। पहले चरण में प्रधानी और सदस्य ग्राम पंचायत पद के लिए चुनावी मैदान लगभग तैयार हो गया है। 28 नवंबर को मोहम्मदी, पसगवां, मितौली और बेहजम में होने वाले मतदान के दिन 388 पदों पर 2949 उम्मीदवारों की किस्मत पर मुहर लगाई जाएगी। वहीं सदस्य पद के 4828 पदों पर करीब तीन हजार से अधिक उम्मीदवार भी चुनाव मैदान में हैं। गांवों में दोनों पदों पर उम्मीदवारों की संख्या ज्यादा होने की वजह से चुनाव को लेकर खासा उत्साह है और दिनोंदिन दिलचस्पी बढ़ती जा रही है। इधर चुनाव को लेकर प्रशासन ने भी कमर कस ली है। मतदान के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों के बाबत कर्मचारियों को प्रशिक्षित कर दिया गया है। कुल 1200 कर्मचारी पहले चरण का मतदान कराएंगे। चुनाव को लेकर संबंधित थानों की पुलिस को भी अलर्ट कर दिया है। एसपी अखिलेश कुमार चौरसिया ने सभी जगहों पर आदर्श आचार संहिता का पालन कराने का निर्देश दिया है।