खंड शिक्षाधिकारी ने की एनपीआरसी संग बैठक
खंड शिक्षाधिकारी अनुराग मिश्रा ने बीआरसी पर एनपीआरसी के साथ एक बैठक की। इसमें उन्होंने सभी एनपीआरसी से चार जुलाई को हर हाल में सभी स्कूल खोले जाने के निर्देश दिए। बता दें कि पलिया खंड शिक्षाधिकारी भरत वर्मा का तबादला हो जाने के बाद श्री मिश्रा को यहां का अतिरिक्त चार्ज दिया गया है।
ग्रीष्मकालीन छुट्टियों के बाद खोले गए सभी परिषदीय स्कूलों में खराब मौसम के कारण शिक्षण कार्य बाधित रहा। सुबह से बरसात होने के कारण ज्यादातर बच्चे स्कूल से नदारद रहे। खंड शिक्षाधिकारी ने एनपीआरसी के साथ बैठक की। जिसमें उन्होंने कहा कि चार जुलाई को हर हाल में सभी स्कूल खोले जाएं, क्योंकि जिले से कोई न कोई इस दौरान निरीक्षण को आ सकता है। एबीआरसी अरुण वर्मा ने बताया कि उन्होंने चार्ट पर स्कूलों की स्थिति का ब्यौरा तैयार कर लिया है। उन्होंने बताया कि शिक्षा में गुणवत्ता के लिए बिजुआ ब्लॉक की तरह हर दो माह के अंतराल पर बच्चों का टेस्ट लेने का निर्णय किया गया है। इस प्रश्नपत्र में वस्तुनिष्ठ प्रश्न होंगे, जिसके लिए बुकलेट तैयार की गई है। इससे पहले बीईओ ने नौरंगपुर, गदनियां, ढाका आदि प्राथमिक विद्यालयों का निरीक्षण भी किया।